इजरायल में PM मोदी का शानदार स्वागत, नेतन्याहू की पत्नी और प्रधानमंत्री की ड्रेस का जुड़ा खास कनेक्शन

इजरायल में PM मोदी का शानदार स्वागत, नेतन्याहू की पत्नी और प्रधानमंत्री की ड्रेस का जुड़ा खास कनेक्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को 2 दिवसीय राजकीय यात्रा पर इजरायल पहुंचे। इजरायल में पीएम मोदी का शानदार स्वागत हुआ। बेन गुरियन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी पत्नी सारा नेतन्याहू के साथ व्यक्तिगत रूप से पीएम मोदी का स्वागत किया। यह स्वागत प्रोटोकॉल से हटकर था, जो भारत और इजरायल के बीच मजबूत संबंध को दर्शाता है।

सारा नेतन्याहू और पीएम मोदी की ड्रेस

एयरपोर्ट पर पीएम मोदी के स्वागत के दौरान एक दिलचस्प और हल्का-फुल्का पल देखने को मिला। नेतन्याहू ने पीएम मोदी के पॉकेट स्क्वेयर और सारा नेतन्याहू की ड्रेस के मिलते-जुलते नारंगी-भगवा रंग की ओर ध्यान आकर्षित किया। नेतन्याहू ने मुस्कुराते हुए इस संयोग पर इशारा किया, जिस पर पीएम मोदी ने तुरंत ‘भगवा’ कहकर जवाब दिया। यह पल दोनों नेताओं और सारा नेतन्याहू के बीच हंसी-मजाक भरा रहा।

 

सारा नेतन्याहू ने भारत को बताया शानदार देश

स्वागत के दौरान बातचीत में सारा नेतन्याहू ने भारत को शानदार देश बताते हुए प्रशंसा की। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि भारत एक अद्भुत राष्ट्र है, जहां विविधता और प्रगति साथ-साथ चलती है। जवाब में पीएम मोदी ने मुस्कुराते हुए आभार व्यक्त किया। इसी दौरान पीएम नेतन्याहू ने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा, वह एक शानदार लीडर हैं। नेतन्याहू ने मोदी को अपना प्रिय मित्र भी कहा और दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर जोर दिया।

नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रहा है पीएम मोदी का दौरा

पीएम मोदी ने यात्रा से पहले कहा था कि यह दौरा उनके प्रिय मित्र नेतन्याहू के निमंत्रण पर हो रहा है। पीएम मोदी इजरायली संसद को संबोधित करेंगे और राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से मुलाकात करेंगे। पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान यद वाशेम (होलोकॉस्ट स्मारक) का भी दौरा करेंगे। नेतन्याहू ने कैबिनेट बैठक में इस यात्रा को ऐतिहासिक बताया है। यात्रा के दौरान रक्षा, व्यापार, साइबर सुरक्षा और स्टार्टअप सहयोग जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की उम्मीद है।


Leave a Reply