थोड़ी ही देर में भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे पीएम मोदी, पार्टी कार्यकर्ताओं को करेंगे संबोधित

- यूपी उत्तराखंड गोवा और मणिपुर में भाजपा ने मजबूत बढ़त बना ली है। इस कामयाबी से भाजपा गदगद नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम को दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय जा सकते हैं ….
नई दिल्ली। विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में जश्न की तैयारियां हैं। समाचार एजेंसी आइएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी (Narendra Modi) आज शाम को बीजेपी के राष्ट्रीय मुख्यालय (BJP Headquaters) का दौरा कर सकते हैं। पीएम मोदी के शाम 6.30 से सात बजे तक पार्टी कार्यालय जाने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के लिए भाजपा कार्यालय स्थित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग (Deen Dayal Upadhyay Marg) पर सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
Highlights- PM Narendra Modi Speech
भाजपा मुख्यालय पहुंचे दिग्गज
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भाजपा मुख्यालय पहुंच गए हैं। इंतजार पीएम मोदी का है जो थोड़ी देर में भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे। नजरें प्रधानमंत्री के संबोधन पर हैं।
नतीजों से भाजपा उत्साहित
ताजा नतीजों के मुताबिक भाजपा चार राज्यों उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh Election), उत्तराखंड (Uttarakhand Election), मणिपुर (Manipur Election) और गोवा (Goa Election) में बढ़त बनाए हुए है। इन चार राज्यों में पहले भी भाजपा की अगुवाई वाली सरकारें थीं।
उल्लेखनीय है कि राजनीतिक लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार दूसरी बार जीत की ओर बढ़ रही है। यही नहीं तीन अन्य राज्यों में बढ़त बनाए हुए है। उत्तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटें हैं। यूपी को साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों का लिटमस टेस्ट भी माना जा रहा था। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने यूपी में जमकर चुनाव प्रचार किया था। भाजपा का कहना है कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर भरोसा जताया है।
गोवा में भाजपा लगातार तीसरी बार जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं उत्तराखंड की तस्वीर भी भाजपा के पक्ष में बनती नजर आ रही है। मणिपुर में भी भाजपा ने बढ़त बनाए रखी है। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा के इन प्रदर्शनों पर कहा कि मैं सभी राज्यों की जनता का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने अपने आर्शीवाद हमें एक बार फिर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का काम लोगों को पसंद आया है। यही कारण है कि लोगों ने विकास और गरीब कल्याण की सोच पर मुहर लगाया है।