पीएम मोदी गुजरात में करेंगे सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन, 20 हजार करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात
अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात का दौरा करेंगे। यहां वह साणंद में एक सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन करेंगे और 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, उद्घाटन करेंगे।
प्रधानमंत्री सुबह करीब 10 बजे गांधीनगर में सम्राट संप्रति संग्रहालय का उद्घाटन करने के बाद एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि दोपहर 12.34 बजे मोदी अहमदाबाद के साणंद स्थित केन्स सेमीकान प्लांट का उद्घाटन करेंगे, जो इस संयंत्र में वाणिज्यिक उत्पादन की शुरुआत का प्रतीक होगा और यह भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगा।
पीएम सेमीकंडक्टर प्लांट का करेंगे उद्घाटन
बयान में कहा गया है कि साणंद में सेमीकंडक्टर संयंत्र के उद्घाटन के साथ ही संयंत्र में उन्नत इंटेलिजेंट पावर माड्यूल (आइपीएम) का वाणिज्यिक उत्पादन शुरू हो जाएगा। बयान में कहा गया है कि इस संयंत्र का उद्घाटन इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन(आइएसएम) के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कदम है।
माइक्रोन टेक्नोलाजी के बाद यह कार्यक्रम के तहत स्वीकृत परियोजनाओं में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू करने वाला दूसरा सेमीकंडक्टर संयंत्र होगा। महावीर जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री गांधीनगर के कोबा तीर्थ में सम्राट सम्प्रति संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे।
