नई दिल्‍ली। विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्‍यालय में जश्‍न की तैयारियां हैं। समाचार एजेंसी आइएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी (Narendra Modi) आज शाम को बीजेपी के राष्‍ट्रीय मुख्यालय (BJP Headquaters) का दौरा कर सकते हैं। पीएम मोदी के शाम 6.30 से सात बजे तक पार्टी कार्यालय जाने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के लिए भाजपा कार्यालय स्थित दीन दयाल उपाध्याय मार्ग (Deen Dayal Upadhyay Marg) पर सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्‍त किए गए हैं।

Highlights PM Narendra Modi Speech-

विपक्ष पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार के बजट पर नजर डालें तो एक यकीन पैदा होता है कि देश आत्मनिर्भरता के रास्‍ते पर आगे बढ़ रहा है। इस बार के बजट से इस भावना को ऊर्जा मिली है। विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वैक्सीनेशन के हमारे प्रयासों पर सवाल उठाए गए जबकि दुनिया हमारी तारीफ कर रही थी। दुर्भाग्य है कि जब यूक्रेन में हजारों भारतीय फंसे थे तब भी राष्‍ट्र के मनोबल को तोड़ने की बातें की जा रही थीं।

भाजपा कार्यकर्ता अलगाववादी राजनीति से रखेंगे सतर्क

प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी तारीफ करता हूं जिन्‍होंने विपरीत परिस्थितियों में पार्टी का झंडा बुलंद किए रखा है। हमारे पार्टी कार्यकर्ता आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की और देश की मजबूती को बनाए रखेंगे। भाजपा कार्यकर्ता पंजाब को अलगाववादी राजनीति से सतर्क रखने के कार्य को जान की बाजी लगाकर करते रहेंगे। यह विश्‍वास मैं पंजाब की जनता को देना चाहता हूं।

यूपी ने विकासवाद की राजनीति को चुना

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये चुनाव ऐसे वक्‍त में हुए जब दुनिया कोरोना जैसी महामारी का सामना कर रही थी। उत्तराखंड में भी भाजपा ने नया इतिहास रचा है। उत्‍तराखंड में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। कुछ लोग यूपी को बदनाम करते हैं कि यहां के चुनाव में तो जाति ही चलती है। हमने साल 2014 के चुनाव नतीजे देखें, 2017, 2019 के नतीजे देखें और अब फिर 2022 में भी देख रहे हैं। इन सभी चुनावों में उत्‍तर प्रदेश के लोगों ने विकासवाद की राजनीति को ही चुना है।

नतीजों ने साल 2024 का खाका खींचा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इन चुनावों के नतीजों ने साल 2024 का खाका खींच दिया है। साल 2019 के चुनाव नतीजों के बाद कुछ जानकारों ने कहा था कि साल 2017 के नतीजों ने 2019 के नतीजे तय कर दिए। मैं मानता हूं इस बार वो कहेंगे कि साल 2022 के नतीजों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए हैं।

टूट गए सारे मिथ और रिकार्ड 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का वोट शेयर मणिपुर, उत्तर प्रदेश और गोवा में सत्ता में रहने के बावजूद भी बढ़ा है। गोवा में सभी एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं। गोवा के लोगों ने हमें लगातार तीसरी बार सेवा करने का मौका दिया है। अपने इतिहास में यूपी ने देश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का यह पहला वाकया है। यूपी में 37 साल बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार आई है।

कार्यकर्ताओं ने पूरा किया अपना वादा

प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह से भाजपा का समर्थन किया है वह अपने आप में बहुत बड़ा है। चुनाव अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कार्यकर्ताओं ने अपने वादे को पूरा करके दिखाया है। मैं अपने कार्यकर्ताओं की सराहना करता हूं जिन्होंने इन चुनावों में कड़ी मेहनत की है।

 

आज उत्साह और उत्सव का दिन

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज उत्साह और उत्सव का दिन है। ये उत्सव भारत के लोकतंत्र के लिए है। मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बधाई देता हूं। मैं जनता के निर्णय के लिए आभार व्यक्त करता हूं।

मोदी जी ने बदली सियासत

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदली है। देश में लंबे समय तक एक तरह की राजनीति चल रही थी। वह राजनीति भाई-भतीजावाद, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता, जातिवाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद पर केंद्रित थी। पीएम मोदी ने देश के सियासी परिदृश्‍य को बदलने का काम किया है।

यूपी में चौथी बार हमें मिला आशीर्वाद

भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यूपी में चौथी बार भाजपा को जनता ने आशीर्वाद दिया है। उत्तर प्रदेश में चार बार पीएम मोदी को जनता ने अपना आशीर्वाद दिया है। 2014 लोकसभा में प्रचंड जीत हासिल हुई थी। इसके बाद वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया था। साल 2019 में लोकसभा चुनावों में यूपी की जनता ने फिर से हमें आशीर्वाद दिया था। अब एकबार फ‍िर हमारी सरकार की योजनाओं पर जनता ने मुहर लगाई है।

सरकार की नीतियों पर लगी मुहर

भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज जो नतीजे आए हैं। उसमें भाजपा को एकतरफा चार राज्यों की जनता का आशीर्वाद हमें मिला है। इस विजय में भारत की जनता ने जो योगदान दिया है वह बताता है कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की सरकार की ओर से चलाए गए कार्यक्रम और केंद्र सरकार की नीतियों पर जनता ने मुहर लगाई है।

नड्डा बोले- 37 साल बाद बना नया इतिहास

सबसे पहले भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोध‍ित किया। उन्‍होंने कहा कि यूपी में 37 साल बाद एक नया इतिहास बना है। यह पहली बार हुआ है जब यूपी में कोई पार्टी लगातार दूसरी बार बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।

भाजपा मुख्‍यालय पर उमड़ा जनसैलाब

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी भाजपा मुख्‍यालय पहुंच चुके हैं। भाजपा मुख्‍यालय पर जनसैलाम उमड़ पड़ा है। इस दौरान पार्टी नेताओं ने पीएम मोदी को सम्मानित किया। थोड़ी ही देर में पीएम मोदी का संबोधन होगा।

भाजपा मुख्‍यालय पहुंचे दिग्‍गज

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा भाजपा मुख्यालय पहुंच गए हैं। इंतजार पीएम मोदी का है जो थोड़ी देर में भाजपा मुख्‍यालय पहुंचेंगे। नजरें प्रधानमंत्री के संबोधन पर हैं।

नतीजों से भाजपा उत्‍साहित 

ताजा नतीजों के मुताबिक भाजपा चार राज्यों उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh Election), उत्तराखंड (Uttarakhand Election), मणिपुर (Manipur Election) और गोवा (Goa Election) में बढ़त बनाए हुए है। इन चार राज्‍यों में पहले भी भाजपा की अगुवाई वाली सरकारें थीं।

पास किया आम चुनावों का लिटमस टेस्‍ट

उल्‍लेखनीय है कि राजनीतिक लिहाज से बेहद महत्‍वपूर्ण माने जा रहे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार दूसरी बार जीत की ओर बढ़ रही है। यही नहीं तीन अन्य राज्यों में बढ़त बनाए हुए है। उत्‍तर प्रदेश में 80 लोकसभा सीटें हैं। यूपी को साल 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों का लिटमस टेस्‍ट भी माना जा रहा था। पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने यूपी में जमकर चुनाव प्रचार किया था। भाजपा का कहना है कि जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों पर भरोसा जताया है।

जनता का जताया आभार 

भाजपा ने ट्वीट कर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर के विधानसभा चुनाव 2022 में समर्थन देने के लिए जनता का आभार जताया है। भाजपा ने कहा है- ‘सभी प्रदेशों की देवतुल्य जनता का हार्दिक आभार एवं सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन।’

विकास की सोच पर मुहर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा के इन प्रदर्शनों पर कहा कि मैं सभी राज्यों की जनता का आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने अपने आर्शीवाद हमें एक बार फिर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी का काम लोगों को पसंद आया है। यही कारण है कि लोगों ने विकास और गरीब कल्याण की सोच पर मुहर लगाया है।