झारखंड और बंगाल में पीएम मोदी, यूपी में राहुल-अखिलेश की रैलियां, हिमाचल में जेपी नड्डा संभालेंगे मोर्चा
![झारखंड और बंगाल में पीएम मोदी, यूपी में राहुल-अखिलेश की रैलियां, हिमाचल में जेपी नड्डा संभालेंगे मोर्चा](https://24city.news/wp-content/uploads/2024/05/28_05_2024-election_2024_23726723.webp)
नई दिल्ली। मंगलवार को आखिरी चरण के प्रचार अभियान में सियासी पारा खूब चढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल और झारखंड में तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पंजाब के अमृतसर और फरीदकोट में रहेंगे। राहुल गांधी और अखिलेश यादव दो जनसभाओं को एक साथ संबोधित करेंगे।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी की रैलियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झारखंड के दुमका में दोपहर 12:15 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे पश्चिम बंगाल जाएंगे। यहां ढाई बजे बारासात और शाम चार बजे जाधवपुर में रैली करेंगे। शाम 5:55 बजे नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा और शाम सात बजे स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे। शाम छह बजे कोलकाता में पीएम मोदी रोड शो करेंगे।
पंजाब में मल्लिकार्जुन खरगे की रैली
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज पंजाब में रहेंगे। वे दोपहर एक बजे अमृतसर में प्रेसवार्ता करेंगे। इसके बाद शाम चार बजे फरीदकोट के कोटकपूरा में जनसभा करेंगे।
यूपी और ओडिशा में मोर्चा संभालेंगे गृह मंत्री शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को उत्तर प्रदेश में तीन जनसभाओं में हिस्सा लेंगे। दोपहर 12:15 बजे कुशीनगर में उनकी पहली रैली है। इसके बाद 1:45 बजे बलिया और साढ़े तीन बजे वाराणसी के गोसाईगंज में रैली को संबोधित करेंगे। इसके अलावा ओडिशा में भी शाह की तीन रैलियां हैं। यहां चंद्रबली, जाजपुर और पुरी में रैलियां करेंगे।
हिमाचल में जेपी नड्डा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश में मोर्चा संभालेंगे। मंगलवार को यहां उनकी तीन जनसभाएं हैं। सुबह 11 बजे किन्नौर में पहली जनसभा, दोपहर 1:20 बजे शिमला के रामपुर में दूसरी और 3:15 बजे रोहड़ू में तीसरी जनसभा है।
यूपी में राहुल और अखिलेश करेंगे प्रचार
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव एक साथ प्रचार करेंगे। दोपहर 1:45 बजे रुद्रपुर और शाम चार बजे वाराणसी के गंगापुर में जनसभा है।