खेल प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने दिखाए अपने जौहर

खेल प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने दिखाए अपने जौहर
  • सहारनपुर में हिलेरी क्लिंटन नर्सिंग स्कूल में खेल प्रतियोगिता के प्रतिभागी बच्चे।

रामपुर मनिहारान। विनोद गुप्ता चैरिटेबल फाउंडेशन की इकाई रामरति एजुकेशन काम्पलैक्स व हिलेरी क्लिंटन नर्सिंग स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों द्वारा अपनी खेल प्रतिभा के जौहर दिखाए गए। दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाइवे स्थित हिलेरी क्लिंटन नर्सिंग स्कूल में आयोजित खेल प्रतियोगिता का शुभारम्भ रामरति एजुकेशन काम्पलैक्स की प्रेजीडेंट श्रीमती राजकमल सक्सेना ने खिलाडिय़ों द्वारा दी गई मार्च पास्ट की सलामी के बाद किया गया।

उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए संस्था की प्रेजीडेंट राजकमल सक्सेना ने छात्र-छात्राओं को खेलों के प्रति उत्साहित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर एवं ऊर्जावान बनने के लिए नियमित रूप से खेलों का अभ्यास करना चाहिए क्योंकि जब तन स्वस्थ होगा तो मन भी स्वस्थ होगा। उन्होंने कहा कि खेलों द्वारा ही बच्चे स्वस्थ और दीर्घायु हो सकते हैं। फाउंडेशन के संस्थापक विनोद गुप्ता, चेयरमैन आशुतोष दयाल शर्मा का संदेश भी पढ़कर सुनाया।

उन्होंने कहा कि संस्था के चेयरमैन आशुतोष दयाल शर्मा का खेलों के प्रति सदैव रूझान रहा है जिसके लिए उन्होंने परिसर में क्रिकेट, बैडमिंटन, वालीबॉल, फुटबॉल, गोल्फ आदि खेलने के लिए बच्चों को मैदान व खेल सामग्री उपलब्ध कराई। उनका मानना है कि खेलों द्वारा ही बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है तथा बच्चों के मानसिक विकास के लिए खेल अत्यंत आवश्यक है। हिलेरी क्लिंटन स्कूल के प्रधानाचार्य सनीष वी. एम. ने कहा कि खेल दिवस के आयोजन के माध्यम से बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने शारीरिक विकास के लिए भी जागरूक होना चाहिए।

इस दौरान श्री जैसन, अनु एस., ललिता, दिशा, पल्लवी, चित्रा, शशी, गौरव कुमार, मृत्युंजय कुमार, अमृता सिंह, पल्लवी रहेजा, परिणिता अग्रवाल, भावना सचदेवा, ऋतु शर्मा आदि मौजूद रहे।