मिनी ओलम्पिक में अन्य राज्यों के खिलाडिय़ों को भी किया जाएगा आमंत्रित

मिनी ओलम्पिक में अन्य राज्यों के खिलाडिय़ों को भी किया जाएगा आमंत्रित
  • सहारनपुर में जेवी जैन कालेज में मिनी ओलम्पिक की जानकारी देते आयोजन समिति के पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN] । जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष व नगर विधायक संजय गर्ग ने कहा कि जनपद में आयोजित होने वाले मिनी ओलम्पिक 2021 में कुल खेल 11 स्पर्धाओं को शामिल किया गया है जिसमें अन्य राज्यों के खिलाडिय़ों को भी आमंत्रित किया गया है। जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष व नगर विधायक संजय गर्ग आज जेवी जैन कालेज के सभागार में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे।

उन्होंने बताया कि अन्य राज्यों से आने वाले खिलाडिय़ों को कोरोना की जांच रिपोर्ट तथा कोरोना गाइड लाइन का पालन करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि मिनी ओलम्पिक में बैडमिंटन, शतरंज, टेबल टेनिस, खोखो, बास्केटबॉल, लॉन टेनिस, महिला व पुरूष दोनों वर्गों में आयोजित किए जाएंगे। जबकि कबड्डी, वालीबॉल, बॉडी बिल्डिंग, योगा पुरूष तथा हैंडबॉल केवल महिला वर्ग में आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बैडमिंटन में मनीष कुमार व अंशुल कुमार, वालीबॉल में मुस्तकीम अंसारी, बॉडी बिल्डिंग में गौरव कपिल, खोखो में नीतू सैनी, टेबल टेनिस में अलंकार किशोर, लॉन टेनिस में गुलशन कात्याल, हैंडबॉल में लाल धर्मेंद्र, कबड्डी में सुनील कुमार, शतरंज में हरवीर चौधरी, बास्केटबॉल में आकांक्षा व सरिता तथा योग के लिए निशा धीमान को संयोजक बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि मिनी ओलम्पिक में विजेता तथा उपविजेता खिलाडिय़ों को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। इस दौरान जेवी जैन महाविद्यालय के प्राचार्य डा. वकुल बंसल, जिला ओलम्पिक संघ के सचिव डा. अशोक गुप्ता, डा. हरवीर चौधरी, डा. हरिओम गुप्ता, डा. पंकज गुप्ता, नीशु राणा, मोनिका शर्मा, अंजलि, वृतिका त्यागी, डा. अशोक शर्मा, डा. शशि नौटियाल, डा. संदीप गुप्ता आदि मौजूद रहे।