वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया पौधारोपण, लिया देखभाल करने का संकल्प

- सहारनपुर में शाकुंतलम वैलफेयर सोसायटी के कार्यक्रम में मौजूद अतिथि व पदाधिकारी।
सहरनपुर। शाकुंतलम वैलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर समाज के प्रत्येक व्यक्ति से जीवन में एक पौधा रोपित करने का आह्वान किया गया। स्थानीय लिंक रोड स्थित मंगल नगर के पार्क में शाकुंतलम वैलफेयर सोसायटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पं. देवेंद्र शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन कर पौधारोपण का शुभारम्भ किया।
नगर विधायक राजीव गुम्बर, क्षेत्रीय पार्षद मनोज प्रजापति, मदन लाल अरोड़ा, स. सुपनीत सिंह, अर्ष चौधरी, श्रीमती अनु बजाज, संस्था अध्यक्ष शरद भार्गव, सचिव तमन्ना खनिजो ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए। इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में पर्यावरण असंतुलन बना हुआ है जिसका कारण पेड़ों का दोहन एवं प्रकृति से छेड़छाड़ है जो हमारे जीवन के लिए संकट पैदा कर सकती है। इसलिए हमें अपनी भावी पीढ़ी के भविष्य को देखते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
संस्था अध्यक्ष शरद भार्गव ने कहा कि पर्यावरण को बचाना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। इसलिए विश्व पर्यावरण दिवस पर संस्था के प्रत्येक पदाधिकारी व सदस्य ने संकल्प लिया है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा जिससे पर्यावरण असंतुलन को दूर किया जा सके। इस दौरान बी. डी. शर्मा, अभिषेक गोयल, संदीप शर्मा, चंद्रशेखर ठकराल, गौरव करवाल, श्रीमती कोमल गोयल, हेमंत अरोड़ा, सतीश, अनूप खन्ना, नीलम अग्रवाल, सुधांशु, सुबोध खानिजो, अजय सिंघल, नितिन शर्मा, गोपाल चोपड़ा, अरविंद शर्मा, आरती, मनोज, सीमा आदि मौजूद रहे।