Petrol Diesel Price Today, पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद अब पेट्रोल डीजल के दामों में बढ़ोतरी हो सकती है। रूस व यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में देश में भी पेट्राेल और डीजल के दाम बढ़ सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 120 अमेरिकी डालर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई हैं। इस हिसाब से देश में पेट्राेल और डीजल के दाम में 15 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी भी हो सकती है। पांच राज्यों उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा व मणिपुर में हो रहे विधानसभा चुनाव के कारण अब तक तेल की दामों पर ब्रेक लगी हुई थी। लेकिन अब पेट्राेल और डीजल दोनों के दाम में बढ़ोतरी हो सकती है। इस बीच पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लाइनें लगने लगी हैं। सात मार्च को चुनाव खत्म हो चुके हैं अब दस मार्च को नतीजे आने हैं।
दीपावली के बाद नहीं बढ़े दाम, अब लग सकता है झटका
दीपावली के बाद पेट्रोल व डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं पर अब लगता है कि इनकी कीमतों में उछाल आ सकता है और उपभोक्ताओं को एक और झटका लग सकता है। धर्मशाला में स्पीड पेट्रोल का दाम 97.42 रुपये प्रति लीटर है और सामान्य पेट्रोल 94.88 रुपये प्रति लीटर है। इसके अलावा डीजल 79.68 रुपये प्रति लीटर है। लेकिन यहां पर यह दाम आने वाले कुछ समय में बढ़ सकते हैं। देश में चल रहे चुनावों के मद्देनजर अभी तक यह दाम नहीं बढ़े थे, लेकिन अब यह दाम बढ़ना तय माने जा रहे हैं। धर्मशाला पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि दीपावली के बाद से पेट्रोल के दाम नहीं बढ़े हैं। वही दाम चल रहे हैं।