‘बंगाल में भय का हिसाब भरोसे से चुकता करेगी जनता’, बीरभूम की रैली में बोले अमित शाह

‘बंगाल में भय का हिसाब भरोसे से चुकता करेगी जनता’, बीरभूम की रैली में बोले अमित शाह

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को ममता बनर्जी सरकार पर हमले तेज करते हुए कहा कि बंगाल की जनता चुनाव में बम का जवाब बैलेट और भय का जवाब भरोसे से देने वाली है। बीरभूम जिले के मयूरेश्वर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने दावा किया कि पांच मई को बंगाल में भाजपा की सरकार बनने जा रही है।

ममता बनर्जी पर सिंडिकेट व माफिया राज स्थापित करने का आरोप लगाते हुए गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा इसको समाप्त करेगी। भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार बंगाल में सिंडिकेट व माफिया राज का अंत करेगी। शाह ने लोगों से आह्वान किया कि ममता को टाटा बाय-बाय कह दो, सिंडिकेट सरगना व कटमनी वालों को उल्टा लटकाकर सीधा करेंगे।

चार मई के बाद विकास का नया दौर शुरू होगा

गृह मंत्री ने कहा कि चार मई के बाद बंगाल में भय की जगह विकास का नया दौर शुरू होगा। शाह ने कहा कि टीएमसी ने बीरभूम की धरती को बम व बारूद का ढेर बना दिया है। भ्रष्टाचार व गुंडागर्दी में बीरभूम से ज्यादा अनुभव किसको होगा। टीएमसी वालों ने हमारे कार्यकर्ताओं को बहुत परेशान किया है।

गृह मंत्री ने चुनाव में हिंसा फैलाने की मंशा रखने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि 23 व 29 अप्रैल को मतदान के दिन अपने घरों में ही बंद रहना। वरना चार मई के बाद खैर नहीं है। गृह मंत्री ने कहा कि चुनाव में हिंसा व बूथ लूटने के दिन अब लद गए हैं।

गुंडों व माफिया को चुन- चुन कर जेल में डालेंगे

लोगों से बेखौफ मतदान करने की अपील करते हुए शाह ने कहा कि 23 मई को ममता का कोई भी गुंडा आपका बाल बांका नहीं कर पाएगा। टीएमसी के किसी भी गुंडे से किसी को डरने की जरूरत नहीं है। भाजपा सरकार बनते ही टीएमसी के गुंडों व माफिया को चुन- चुन कर जेल में डालेंगे। शाह ने कहा कि यह चुनाव घुसपैठियों को निकालने का चुनाव है। उन्होंने पूछा कि क्या ममता बनर्जी और उनका भतीजा ऐसा कर सकती है।

घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर निकलेंगे

उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार ने बीएसएफ को भारत- बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन तक नहीं दी। शाह ने पार्टी के संकल्प पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि हमने तय किया है कि भाजपा सरकार बनने के 45 दिनों के अंदर अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना तारबंदी वाले हिस्सों में बाड़ लगाने के लिए जरूरी भूमि बीएसएफ को सौंप दी जाएगी। उन्होंने फिर दोहराया कि भाजपा का वादा है कि न सिर्फ बंगाल से बल्कि पूरे देश से हम घुसपैठियों को चुन- चुन कर बाहर निकलेंगे।

बंगाल की अस्मिता की रक्षा टीएमसी नहीं कर सकती

उन्होंने आगे कहा कि बंगाल की अस्मिता की रक्षा टीएमसी नहीं कर सकती। कविगुरु रवींद्र नाथ टैगोर की विरासत को यूनेस्को के धरोहर में शामिल करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया। बांग्ला को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने का काम मोदी सरकार ने किया।शाह ने आरोप लगाया कि ममता दीदी बहुसंख्यक समाज को डरा रही है। दीदी कह रही हैं कि टीएमसी नहीं रहेगी तो बहुसंख्यक समाज का अस्तित्व नहीं रहेगा। यह कहने वाली आप कौन होती है।

बहुसंख्यक समाज का अस्तित्व आपकी वजह से नहीं है। शाह ने सवाल किया कि आपके शासनकाल में मुर्शिदाबाद में हिंसा हुई, हिंदुओं को निशाना बनाया गया। रामनवमी त्योहार के दौरान शोभायात्राओं पर हमले हुए, सरस्वती पूजा करने की अनुमति नहीं दी गई, तब आप कहां थी।

भ्रष्टाचारियों से घोटाले का पाई-पाई का हिसाब लेंगे

शाह ने बंगाल में शिक्षक भर्ती से लेकर नगर निगम में हुए नियुक्तियों में हुए घोटाले, गाय तस्करी, राशन, मनरेगा, पीएम आवास घोटालों आदि का जिक्र करते हुए कड़ी चेतावनी दी। शाह ने कहा कि सारे भ्रष्टाचारियों को कह कर जाता हूं कि भाजपा की सरकार बनने पर घोटाले का पाई-पाई का हिसाब जनता को देना पड़ेगा। जिन्होंने गरीब जनता का हक लूटा है उनसे वापस वसूला जाएगा।

भाजपा सरकार में बेखौफ घूम पाएंगी बच्चियां

महिला सुरक्षा पर घेरते हुए शाह ने कहा कि एक महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद ममता बनर्जी माताओं- बहनों की सुरक्षा नहीं कर सकीं। महिलाओं से उन्होंने आह्वान किया कि भाजपा की सरकार बना दीजिए, बच्चियां रात में एक बजे भी स्कूटी से बाहर बेखौफ घूम सकेंगी। कोई गुंडे- बदमाश उन्हें नहीं छेड़ पाएंगे। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिया कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में न संदेशखाली न आरजी कर, न ला कालेज और न मेडिकल कालेज में दुष्कर्म जैसी घटनाएं होगी।


Leave a Reply