shobhit University Gangoh
 

जिला वाल्मीकि सभा के चुनाव का लोगों ने किया बहिष्कार

जिला वाल्मीकि सभा के चुनाव का लोगों ने किया बहिष्कार
  • सहारनपुर में वाल्मीकि सभा के चुनाव की मतगणना का बहिष्कार करते जिलाध्यक्ष समर्थक।

सहारनपुर [24CN]। जिला वाल्मीकि सभा के चुनाव में निवर्तमान जिलाध्यक्ष व उम्मीदवार बृजमोहन सूद तथा उनके समर्थकों ने संरक्षक मंडल व चुनाव अधिकारी पर संविधान के विपरीत चुनाव कराए जाने तथा धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव का बहिष्कार कर दिया तथा सभा के चुनाव के खिलाफ न्यायालय में रिट याचिका दायर करने की घोषणा की।

गौरतलब है कि जिला वाल्मीकि सभा के चुनाव में 25 दिसम्बर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सम्पन्न कराया गया था। आज मतगणना कराई गई। जबकि बीती रात्रि ही निवर्तमान जिलाध्यक्ष व उम्मीदवार बृजमोहन सूद ने चुनाव अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर धांधली बरते जाने के सबूत दिखाते हुए मतगणना पर रोक लगाने की मांग की थी। आज सुबह जब चुनाव अधिकारी द्वारा उम्मीदवारों की गैर मौजूदगी में मतगणना शुरू करा दी गई तो बृजमोहन सूद के समर्थकों का लावा फूट पड़ा।

चुनाव बहिष्कार की घोषणा करते हुए निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजमोहन सूद ने आरोप लगाया कि इस चुनाव में सभा के संविधान को ताक पर रखकर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संरक्षक मंडल पर चुनाव में पक्षपात करने की भूमिका अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने वाल्मीकि समाज व जिला वाल्मीकि सभा के हित में ही चुनाव के बहिष्कार का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि जिला वाल्मीकि सभा के इतिहास में पहली बार हुआ है कि चुनाव अधिकारी को धांधली के सबूत देने के बावजूद उम्मीदवार व उनके अभिकर्ताओं की गैरमौजूदगी में ही मतगणना कराई गई।

उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान के लिए कई गांवों व कस्बों में मतपेटियां भी नहीं पहुंची थी। उन्होंने चुनाव में बरती धांधली के साक्ष्य दिखाते हुए चुनाव प्रक्रिया को निरस्त किए जाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि वह इस चुनाव परिणाम के खिलाफ न्यायालय का दरवाजा खटखटाने का भी काम करेंगे। मतगणना का राहुल वाल्मीकि, भावाधस के प्रदेश प्रभारी अमरीश चौटाला, ममता शिवा, ब्रह्मपाल प्रधान, पूर्व सभासद नवीन टांक, अनिल बडग़ांव, सुजीत घाघट, दीपम एडवोकेट, रवि कल्याण, ओमप्रकाश खटीक, गौरव चौहान, गौतम प्रधान, कल्लू भारती आदि नारेबाजी करते हुए मतगणना का बहिष्कार किया।

Jamia Tibbia