बिना किसी भेदभाव के पात्रों को मिल रहा है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ: शर्मा

बिना किसी भेदभाव के पात्रों को मिल रहा है जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ: शर्मा
  • सहारनपुर में रामपुर मनिहारान विकास खंड में लाभार्थी कार्यक्रम को सम्बोधित करते अतिथि।

रामपुर मनिहारान। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रभारी डी. के. शर्मा ने कहा कि भाजपा की प्रदेश व केंद्र सरकार बिना जाति व धर्म के भेदभाव के आधार पर सभी पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का काम कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकारों की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा को जिताने का आह्वान किया।

भाजपा के जिला प्रभारी डी. के. शर्मा आज यहां रामपुर मनिहारान विकास खंड के सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नौ वर्ष सेवा सुशासन एवं जनकल्याण की योजना पूर्ण होने पर ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विजयपाल सिंह द्वारा आयोजित लाभार्थी सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने अपने नौ साल के कार्यकाल में अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं जिनमें जम्मू कश्मीर से धारा-370 हटाने के साथ-साथ अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कराना भी शामिल है।

क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार प्राथमिकता के आधार पर पिछड़े क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास कराने में जुटी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने एक ओर जहां रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने का काम किया है। वहीं केंद्र सरकार द्वारा किसान, श्रमिक, महिला, छात्र, व्यापारी सभी वर्गों के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू कर उनके जीवन में गुणात्मक परिवर्तन लाने का काम किया है।

लाभार्थी सम्मेलन के संयोजक व रामपुर मनिहारान विकास खंड के ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विजय पाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकारों ने देश व प्रदेश का कायाकल्प करने का काम किया है। पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल में जहां विकास के नाम की धनराशि बंटरबांट होती थी, वहीं भाजपा शासन में विकास योजनाओं का शत-प्रतिशत पैसा लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत विश्व की सबसे बड़ी महाशक्ति के रूप में उभरेगा।

लाभार्थी सम्मेलन को सहसंयोजक व नागल के पूर्व ब्लाक प्रमुख बिजेंद्र कुमार, देवबंद के पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल पुंडीर, रामपुर मनिहारान नगर मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी, देहात मंडल अध्यक्ष विनोद पंवार, बलियाखेड़ी मंडल अध्यक्ष किशोर चौधरी ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान भाजपा जिला प्रभारी डी. के. शर्मा, क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र निम व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विजय पाल सिंह ने संयुक्त रूप से ब्लाक परिसर में लगाए गए वाटर कूलर का भी लोकार्पण किया। इस दौरान रामपुर मनिहारान विकास खंड के विभिन्न ब्लाकों से आए लाभार्थी मौजूद रहे।