असम पुलिस की रेड के बाद सामने आया पवन खेड़ा का पहला बयान
नई दिल्ली: असम पुलिस की रेड के बाद कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का पहला रिएक्शन सामने आया है। पवन खेड़ा ने कहा है कि मेरे खिलाफ साजिश हो रही है। CM हिमंता बिस्वा सरमा और गृहमंत्री अमित शाह मेरे खिलाफ हथकंडे अपना रहे हैं। मेरे घर 100 पुलिसवाले भेजे गए। पता नहीं मेरे घर से वो क्या उठा ले गए। किसी लैपटॉप की बात कर रहे हैं। मुझे नहीं पता मेरे घर से ले गए या खुद लेकर आए थे।
पवन खेड़ा ने कहा- मैं राहुल गांधी का सिपाही हूं, डरने वाला नहीं हूं
पवन खेड़ा ने कहा, “दिल्ली में मेरे छोटे से फ्लैट पर 100 पुलिसकर्मी गए, मैं घर पर नहीं था। अब मैं जहां भी जाता हूं या उनको लगता है, गया हुआ हूं तो वहां ये पुलिस भेज देते हैं। सवाल ही तो उठाए हैं कांग्रेस पार्टी ने, आप कांग्रेस पार्टी को चुप क्यों करवाना चाहते हैं? मुझे चुप क्यों करवाना चाहते हैं? सवाल पूछा है तो जवाब दीजिए। हम कहते हैं कि ये कागज और जानकारी आई है, इसकी जांच कीजिए। क्या ये हम गलत कहते हैं? आप जवाब देने की जगह सबको गाली दे रहे हैं। आप डराने की कोशिश कर रहे हैं। आपको लगता है कि हम डर जाएंगे? आपकी आदत डराने की हो सकती है लेकिन हमारी आदत डरने की नहीं है। मैं मेवाड़ का हूं, कांग्रेस का हूं और राहुल गांधी का सिपाही हूं। तो कैसे डर जाऊंगा?”
पवन खेड़ा ने कहा, “मैं नहीं डरूंगा। मुझे बोलते रहना है और सवाल करते रहना है, इसलिए मैं आपकी पुलिस को जरूर नजरअंदाज कर रहा हूं।”
बता दें कि इससे पहले असम के सीएम हिमंता ने खेड़ा को लेकर कहा था, “आरोप लगाने से पहले उन्हें विदेश मंत्री से पूछना चाहिए था। खरगे जी की उम्र हो गई है, फिर भी वे इस तरह बोलते हैं। असम पुलिस ‘पाताल’ से भी लोगों को ढूंढकर ला सकती है। मुझे शक है कि राहुल गांधी ने उन्हें ये डॉक्यूमेंट्स दिए हैं। इसलिए यह केस राहुल गांधी तक जाएगा। हमें डराने की कोशिश मत करो। यह असम है और हमने 17 बार इस्लामिक हमले के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।”
