Pat Cummins ने रचा इतिहास, बने आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी, हैदराबाद ने खरीदा
![Pat Cummins ने रचा इतिहास, बने आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी, हैदराबाद ने खरीदा](https://24city.news/wp-content/uploads/2023/12/19_12_2023-pat_pc_23608518.webp)
- ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने आईपीएल नीलामी में इतिहास रच दिया। कमिंस आईपीएल इतिहास में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस वाले कंगारू कप्तान को 20.5 करोड़ रुपये में खरीदा। सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच कमिंस को खरीदने के लिए जोरदार घमासान हुआ। अंत में हैदराबाद ने बाजी मारी।
नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने मंगलवार को आईपीएल 2024 सीजन के लिए मिनी ऑक्शन में इतिहास रच दिया। कमिंस आईपीएल इतिहास में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस वाले पैट कमिंस को 20.5 करोड़ रुपये में खरीदा।
पैट कमिंस का नाम आईपीएल 2024 नीलामी के दूसरे सेट में आया। 2 करोड़ की बेस प्राइस के साथ जैसे ही कमिंस के नाम का एलान हुआ तो मुंबई, चेन्नई, बैंगलोर और हैदराबाद ने पैडल उठा दिए। 5 करोड़ तक जब बोली बढ़ी तो मुंबई और चेन्नई ने कमिंस को खरीदने से किनारा कर लिया।
इसके बाद आरसीबी और एसआरएच के बीच जोरदार जंग हुई। दोनों तरफ से पैडल उठाने का चलन जारी रहा। पलक झपकते ही पैट कमिंस की बोली बढ़कर 15 करोड़ के पार पहुंच गई। काफी मशक्कत के बाद सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 20 करोड़ 50 लाख रुपये में कमिंस को खरीदने में कामयाब रही।
सैम करन का रिकॉर्ड टूटा
बता दें कि पैट कमिंस ने आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी के रूप में इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सैम करन को आईपीएल 2023 में पंजाब किंग्स ने 18.50 करोड़ रुपये में खरीदा था।
कमिंस ने दो करोड़ रुपये के अंतर से करन को पीछे छोड़ दिया है। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने अपने नेतृत्व में हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन बनाया था। इसके बाद उनके लिए दोहरी खुशी का पल रहा कि आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने।