संसद सत्र और राहुल गांधी की बर्लिन यात्रा, भाजपा बोली- पर्यटन पर निकले LoP; प्रियंका का पलटवार

संसद सत्र और राहुल गांधी की बर्लिन यात्रा, भाजपा बोली- पर्यटन पर निकले LoP; प्रियंका का पलटवार

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संसद के चल रहे शीतकालीन सत्र के दौरान जर्मनी जाने वाले हैं। इसको लेकर भाजपा ने निशाना साधा है और उन्हें पर्यटन वाला नेता कहा है।

सत्ताधारी दल ने उन पर बार-बार विदेश यात्राओं के लिए अपने कर्तव्यों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। तो वहीं, कांग्रेस ने पलटवार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं का हवाला दिया है।

संसद सत्र के दौरान बर्लिन जाएंगे राहुल गांधी

राहुल गांधी 15 से 20 दिसंबर तक इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बर्लिन में रहेंगे। संसद का मौजूदा शीतकालीन सत्र 19 दिसंबर को खत्म हो रहा है।

भाजपा ने किया हमला

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि LoP का मतलब “लीडर ऑफ पर्यटन” (टूरिज्म) और “लीडर ऑफ पार्टीइंग” है।

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी एक गैर-गंभीर राजनेता हैं। लोग काम के मूड में हैं, वह हमेशा छुट्टियों के मूड में रहते हैं।” पूनावाला ने कहा, “हाल ही में, बिहार चुनावों के दौरान, वह जंगल सफारी पर थे। तो उनकी प्राथमिकताएं साफ हैं। मुझे नहीं पता, वह किसी वजह से जर्मनी जा रहे हैं। लेकिन हो सकता है कि वह सिर्फ भारत के खिलाफ जहर उगलने जा रहे हों। यह एक भारत बदनामी ब्रिगेड और भारत बदनामी टूर है। तो वह एक बार फिर अपनी छुट्टियों के लिए और भारत को बदनाम करने के लिए विदेश जा रहे हैं।”

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि जब संसद का सेशन चल रहा होता है, तो गांधी विदेश में समय बिताते हैं और बाद में कहते हैं कि उन्हें बोलने का मौका नहीं मिलता। उन्होंने कहा, “वह एक पार्ट-टाइम, गैर-गंभीर राजनीतिक नेता हैं।”

प्रियंका गांधी ने किया पलटवार

कांग्रेस की सीनियर नेता और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी ने भाजपा के हमलों का जवाब दिया। उन्होंने कहा, “(प्रधानमंत्री) मोदीजी अपना लगभग आधा कामकाजी समय देश के बाहर बिताते हैं। फिर वे विपक्ष के नेता के विदेश दौरे पर सवाल क्यों उठा रहे हैं?”

लोकसभा में विपक्ष के उप-नेता गौरव गोगोई ने कहा कि बीजेपी और प्रधानमंत्री के पास कथित चुनावी गड़बड़ियों पर राहुल गांधी के सवालों का कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा, “जब बीजेपी के पास राहुल गांधी के सवालों का जवाब नहीं होता, तो उनके पास उन्हें बदनाम करने के अलावा कोई चारा नहीं बचता।”