चिराग पासवान के नेतृत्व में मजबूती के साथ लड़ी जाएगी गरीबों की लड़ाई: पंवार

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. सौराज सिंह पंवार।
सहारनपुर [24CN] । लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व मेरठ मंडल प्रभारी चौ. शौराज सिंह पंवार ने कहा कि दलितों के मसीहा व पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने सर्वसमाज के उत्थान के लिए लोक जनशक्ति पार्टी का गठन किया था परंतु कुछ लोगों द्वारा पार्टी के साथ गद्दारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ मिलकर लोजपा को मजबूत करने का कार्य करेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष व मेरठ मंडल प्रभारी चौ. सौराज सिंह पंवार आज यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोजपा संस्थापक व पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने हमेशा सर्वसमाज की भलाई के लिए कार्य किए तथा चाहे किसी भी पार्टी की सरकार में रामविलास पासवान मंत्री रहे, उन्होंने सदैव दलित व शोषित समाज के लिए योजनाएं लागू करने का काम किया था। उन्होंने कहा कि लोजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के सपनों को साकार करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष कर रही है परंतु कुछ लोगों द्वारा पार्टी के साथ गद्दारी करने का काम किया गया है जिसका जनता आने वाले समय में उन्हें जवाब देने का काम करेगी। एक सवाल के जवाब में श्री पंवार ने कहा कि पार्टी के चंद लोगों को छोडक़र सभी पदाधिकारी व प्रमुख कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ है तथा उनके नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करने का काम किया जाएगा ताकि देश के गरीब, किसान, मजदूर, शोषित व पीडि़त लोगों की आवाज बुलंद की जा सके। वार्ता के दौरान युवा लोजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. भीमसिंह भी मौजूद रहे।