भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की रेस में सबसे आगे चल रहे पंकज चौधरी, अमित शाह ने कहा था ‘दीया लेकर खोजने पर भी ऐसा सांसद नहीं मिलेगा’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की रेस में सबसे आगे चल रहे पंकज चौधरी, अमित शाह ने कहा था ‘दीया लेकर खोजने पर भी ऐसा सांसद नहीं मिलेगा’

महराजगंज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की रेस में सबसे आगे चल रहे महराजगंज के सांसद व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी अपनी निष्ठा व पार्टी के प्रति समर्पण के चलते शुरू से ही केंद्रीय नेतृत्व की पसंद रहे हैं। बात अटल- आडवाणी के दौर के भाजपा की हो या वर्तमान नेतृत्व की। पार्टी की तरफ से जो दायित्व मिला पंकज चौधरी ने पूरी जिम्मेदारी से निभाया।

मंडल- कमंडल के दौर में जब सियासी हवा का रुख विपरीत रहा, तब भी तराई की इस धरती पर वह भाजपा का झंडा पूरी मजबूती से थामे रहे। उनके इसी व्यवहार के चलते 30 मई 2024 को लोकसभा चुनाव के दौरान महराजगंज के पीजी कालेज ग्राउंड में सभा करने आए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि ‘दीया लेकर खोजने पर भी ऐसा सांसद नहीं मिलेगा। आप इन्हें विजयी बनाकर भेजिए, भाजपा इन्हें बड़ा आदमी बनाएगी।’

अमित शाह के संबोधन के बाद सभा में मौजूद लोगों को यह भान हो गया था कि शीर्ष नेतृत्व की उनके ऊपर निगाह है। निश्चित रूप से समय आने पर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिलेगी। 1989 में गोरखपुर नगर निगम का पार्षद व डिप्टी मेयर चुने जाने के बाद अपने राजनीतिक सफर में उन्होंने कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा। पार्षद चुने जाने के बाद वह भाजपा में पूरी तरह से सक्रिय हो गए।

1991 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें महराजगंज से प्रत्याशी बनाया। महज 27 वर्ष की उम्र में पहली बार सांसद बने पंकज चौधरी ने समय के साथ महराजगंज को भाजपा का गढ़ बना दिया। उनके कुशल नेतृत्व की देने है कि जिले की पांच विधानसभाओं में से चार पर भाजपा व उसके सहयोगी दल का कब्जा है। जिला पंचायत व अधिकांश नगर निकायों में भी भाजपा का झंडा लहरा रहा है।