आधुनिक भारत के निर्माता थे पंडित जवाहर लाल नेहरू

सहारनपुर में पं. जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते कांग्रेसजन।
सहारनपुर। जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पं. जवाहर लाल नेहरू की 131वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया तथा पं. जवाहर नेहरू के आदर्शों व सिद्धांतों का अनुसरण करने का संकल्प लिया। स्थानीय गुरूद्वारा रोड स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने पं. जवाहर लाल नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता बताते हुए कहा कि जहां पं. नेहरू आजादी के आंदोलन में दशकों तक जेल में रहे, वहीं उन्होंने आजादी के बाद देश को विकास व आत्मनिर्भरता के मार्ग पर ले जाते हुए पंचवर्षीय योजनाओं की नीति पर चलकर देश में चहुंमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि आज सत्ता में बैठे भाजपा के लोग देश में दुष्प्रचार करके पंडित नेहरू के त्याग व बलिदान को बदनाम करने का जो कार्य कर रहे हैं, वह अत्यंत घिनौनी एवं घृणित है। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने जिस कुशलता के साथ देश का नेतृत्व किया, वह हमारे युवाओं व देश का भविष्य कहे जाने वाले बच्चों के लिए युग-युगांतर तक प्रेरणास्रोत रहेगा।
एआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी व महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा ने कहा कि पं. नेहरू ने आजादी के बाद जिस कुशलता के साथ देश के प्रथम उपप्रधानमंत्री लौहपुरूष स. वल्लभभाई पटेल के साथ मिलकर भारतीय गणतंत्र के निर्माण के लिए जिस तरह देश की सैंकड़ों छोटी-छोटी रियासतों को भारतीय गणराज्य में मिलाने का काम किया, वह पूरे विश्व में एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने आजादी के बाद देश में जो विकास यात्रा शुरू की थी, वही आज की सरकारों के लिए भी प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष इमरान कुरैशी, गणेश दत्त शर्मा, जिला महासचिव मनीष त्यागी, हरिओम मिश्रा, मनीष अरोड़ा, गुलफाम अंसारी, महमूद हसन सलमानी, डा. राजा फरीद, चेतनलाल, नीरज कपिल, दाऊद चौधरी, मो. कासिम, फुरकान अहमद, मकबूल, नसीब खान, विशाल जेवाल, धर्मपाल जोशी, अनिल चौहान, नफीस अहमद, अब्दुल्ला, प्राणनाथ, इनाम, सरफराज, आरिफ खान, स. हरनाम सिंह, हन्नी, नफीस, आरिफ, जमाल अहमद आदि कांग्रेसजन मौजूद रहे।