shobhit University Gangoh
 

बालाकोट एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान ने नहीं सीखा सबक, फिर सक्रिय कर रहा आतंकी ठिकाने

बालाकोट एयर स्ट्राइक से पाकिस्तान ने नहीं सीखा सबक, फिर सक्रिय कर रहा आतंकी ठिकाने

केंद्र सरकार ने बुधवार को राज्यसभा में कहा कि ताजा खुफिया जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी शिविरों को फिर से सक्रिय करने का प्रयास किया जा रहा है। बता दें कि बालाकोट में भारतीय वायुसेना ने एयर स्ट्राइक के जरिए इन आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी. किशन रेड्डी ने राज्यसभा में कहा कि केंद्र सरकार देश की सीमाओं की सुरक्षा और उसकी अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।

लिखित सवाल के जवाब में कहा- पाक दे रहा जिहादी तालीम

उन्होंने एक लिखित प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि ताजा खुफिया इनपुट बताते हैं कि पाकिस्तान अपने बालाकोट में स्थित आतंकी संगठनों के शिविरों को फिर से सक्रिय करने का प्रयास कर रहा है। वहां भारत में हिंसा फैलाने के लिए आतंकियों को धार्मिक और जिहादी तालीम देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बता दें कि भारतीय वायुसेना के जवानों ने 26 फरवरी को बालाकोट में आतंकवादी शिविर पर बमबारी कर उन्हें तबाह कर दिया था। यह एयर स्ट्राइक आतंकवादियों के 14 फरवरी को सीआरपीएफ के वाहनों के एक काफिले पर किए गए हमले के जवाब में की गई थी, जिसमें 40 भारतीय जवान मारे गए थे।

जीरो-टॉलरेंस की नीति अपनाई

रेड्डी ने कहा कि सरकार ने आतंकवाद के प्रति जीरो-टॉलरेंस की नीति अपनाई है और सुरक्षा बल लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। बलों की इस लगातार कार्रवाई के परिणाम स्वरूप ही पिछले कुछ वर्षों के दौरान जम्मू-कश्मीर में बड़ी संख्या में आतंकवादियों को निष्प्रभावी किया गया है।

बताया आतंकी घटनाओं में कितने लोग मारे गए

मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में इस साल 17 नवंबर तक 594 आतंकवादी घटनाएं हुई हैं, जिसमें 37 नागरिक और 79 सुरक्षाकर्मी मारे गए। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में 2018 में कुल 614 आतंकवादी घटनाएं हुईं, जिसमें 39 नागरिक और 91 सुरक्षाकर्मी मारे गए।

रेड्डी ने कहा कि अक्तूबर 2019 तक सीमा पार से घुसपैठ की 171 कोशिशें हुईं, इनमें से 114 घटनाओं में आतंकी घुसपैठ करने में सफल रहे। साल 2018 में घुसपैठ की 328 कोशिशें हुई थीं, जिनमें से 143 घटनाओं में आतंकी घुसपैठ करने में सफल रहे थे।

Jamia Tibbia