कार व डीसीएम की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवकों की दर्दनाक मौत
- सहारनपुर में बेहट सीएचसी में दो युवकों की मौत की जानकारी लेते पुलिसकर्मी।
बेहट। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे पर वन विभाग की नर्सरी के पास कार व डीसीएम की भिड़ंत में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई किए दोनों मृतकों के शवों को सुपुर्दे खाक कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बेहट कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गांव बाबैल बुजुर्ग निवासी 22 वर्षीय आरिफ पुत्र आशिक व 21 वर्षीय शाहरूख पुत्र दिलशाद कार में सवार होकर किसी काम से बेहट जा रहे थे। जैसे ही वह दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे पर कलसिया व बेहट के बीच वन विभाग की नर्सरी के पास पहुंचे तभी सामने से आ रहे डीसीएम से उनकी भिड़ंत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा क्षतिग्रस्त कार से दोनों युवकों को बाहर निकाला परंतु तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी तो परिजन ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे तथा बिना किसी कार्रवाई के दोनों युवकों के शवों को साथ ले गए। दो युवकों की मौत से शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया तथा परिजनों ने गमगीन माहौल में दोनों शवों को सुपुर्दे खाक कर दिया।
