‘हमारी फौज सबसे खतरनाक…’, ईरान में ग्राउंड ऑपरेशन का इशारा; सत्ता परिवर्तन पर दिया बयान
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपित डोनल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने अमेरिकी सेना की प्रशंसा करते हुए कहा कि हमारी सेना ने लंबे समय से खोज रहे ईरान के भीतर कई महत्वपूर्ण और वांछित ठिकानों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया है। ट्रंप ने इसे ईरान के लिए बड़ा दिन बताया।
ट्रंप ने कहा, “ईरान के लिए आज का दिन बहुत बड़ा है। हमारी महान सेना ने, जो दुनिया की सबसे बेहतरीन और सबसे खतरनाक सेना है, कई ऐसे टार्गेट्स को नष्ट कर दिया है, जिनकी लंबे समय से तलाश थी। भगवान आप सबका भला करें।”
ईरान में सत्ता परिवर्तन को लेकर क्या बोले ट्रंप?
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब उन्होंने कहा था कि ईरान के खिलाफ युद्ध से सत्ता परिवर्तन हुआ है। ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा, ” ईरान में सत्ता परिवर्तन हुआ है। हम ऐसे लोगों से निपट रहे हैं, जिनसे पहले कभी कोई नहीं निपटा। ये बिल्कुल अलग तरह के लोग हैं। इसलिए मैं इसे सत्ता परिवर्तन मानूंगा।”
पत्रकारों से बातचीत के दौरान एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने यह भी कहा, “मुझे ईरान में एक समझौता होने की उम्मीद है। यह जल्द ही हो सकता है।”
एक ओर कूटनीति की बातें तो दूसरी ओर हमले की तैयारी
ट्रंप के टुथ सोशल पर पोस्ट करने के कुछ देर बाद ईरान संसद के स्पीकर एमपी गालिबफ ने मेरिका पर आरोप लगाया है कि वह कूटनीति की बातें तो करता है, लेकिन साथ ही जमीनी हमले की योजना भी बना रहा है।
सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA द्वारा जारी एक बयान में गालिबफ ने कहा, “दुश्मन खुले तौर पर बातचीत और संवाद के संदेश भेजता है, जबकि गुपचुप तरीके से जमीनी हमले की योजना बना रहा होता है।”
गालिबफ ने चेतावनी देते हुए कहा, “हमारे लोग जमीन पर अमेरिकी सैनिकों के आने का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उन्हें आग के हवाले कर सकें और उनके क्षेत्रीय सहयोगियों को हमेशा के लिए सजा दे सकें।”
