समाजवादी पार्टी ही बनेगी भाजपा का विकल्प: गाड़ा

- सहारनपुर में सपा की बैठक को सम्बोधित करते वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष फरहाद आलम गाड़ा।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के रामपुर मनिहारान विधानसभा प्रभारी जसवीर वाल्मीकि ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार साम्प्रदायिकता फैलाकर लोगों को हिंदू-मुसलमान के नाम पर बांटने का काम कर रही है। जसवीर वाल्मीकि आज यहां रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के गांव बादशाहपुर में पार्टी के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष फरहाद आलम गाड़ा के आवास पर आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही भाजपा का बेहतर विकल्प है। इसलिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता को अवगत कराने का काम करें ताकि प्रदेश की जनता को भाजपा से निजात दिलाई जा सके।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य चौ. सलीम अख्तर ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है, लेकिन भाजपा सरकारों की गलत नीतियों के कारण देश का किसान विगत एक वर्ष से सडक़ों पर आंदोलन करने को मजबूर है जिसका खामियाजा भारतीय जनता पार्टी को आगामी विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा। सपा के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष फरहाद आलम गाड़ा ने कहा कि सपा सभी को साथ लेकर प्रदेश को विकास के मार्ग पर ले जाने का काम करती है। आगामी विधानसभा चुनाव में जनता को तय करना होगा कि यदि उन्हें विकास व रोजगार चाहिए तो सपा के प्रत्याशियों को जिताकर विधानसभा में भेजने का काम करें।
बैठक की अध्यक्षता आजाद प्रधान व संचालन उवैश आलम ने किया। इससे पूर्व सपा कार्यकर्ताओं ने रामपुर मनिहारान विधानसभा प्रभारी जसवीर वाल्मीकि के नेतृत्व में नयागांव बादशापुर में घर-घर जाकर ग्रामीणों से सपा से जुडऩे की अपील की। इस दौरान नसीम अहमद सलमानी, अनीस, नायाब, अबूबकर, अनस, उमर, अबूजर, नोमान, हसीब गाड़ा आदि मौजूद रहे।