समाज की तरक्की का एकमात्र रास्ता केवल शिक्षा: उपमुख्यमंत्री

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि समाज की तरक्की का एकमात्र रास्ता शिक्षा है। इसलिए समाज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए हम लोगों को सामूहिक प्रयास करना चाहिए। उ
पमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आज यहां जनमंच सभागार में विशाल सैनी समिति के तत्वावधान में आयोजित महाराज भगीरथ जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में हमारे समाज को सामाजिक मूल्यों को स्थापित करने के लिए अपनी जनसंख्या के अनुरूप राजनीतिक भागीदारी भी करनी चाहिए। हमारे समाज के पास छोटी कृषि भूमि है। सभी उसमें समय न गंवाकर सहकारी खेती करने का काम करें। श्री मौर्य ने कहा कि हमारे समाज में अनेक महापुरूषों ने जन्म लिया। देश में शिक्षा की अलख जगाने वाले महात्मा ज्योतिबा फुले, माता सावित्रीबाई फुले महात्मा गौतम बुद्ध तथा विश्व पर राज करने वाले सम्राट अशोक इसी समाज से हैं। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज के दबे-कुचले लोगों को शिक्षित करने का कार्य किया।
माता सावित्री बाई फुले इस देश की प्रथम शिक्षिका हैं जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज को समर्पित कर दिया। उन्होंने ज्योतिबा फुले व माता सावित्रीबाई फुले के नाम पर शिक्षक दिवस मनाए जाने की भी मांग की। पूर्व मंत्री डा. धर्मसिंह सैनी ने कहा कि आज हमारा समाज राजनीतिक दृष्टि से मजबूत है। सैनी, कुशवाहा, शाक्य, मौर्य, काम्बोज, माली, गहलोत आदि हमारे समाज के लोग इस देश दिशा तय करने का काम कर रहे हैं। कार्यक्रम को विशाल सैनी समिति की युवा इकाई के जिलाध्यक्ष मोहित सैनी, संरक्षक देवेंद्र सैनी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी सत्यपाल सैनी, विधायक देवेंद्र निम, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में सैनी समाज के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।