कांग्रेस ही देश व प्रदेश का विकास करने में सक्षम: भाटी

- सहारनपुर में कांग्रेस के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को सम्बोधित करते पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल।
सहारनपुर। कांग्रेस के प्रदेश सचिव गौरव भाटी ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सभी जाति व धर्म के लोगों को साथ लेकर देश व प्रदेश का विकास कर सकती है। उन्होंने भाजपा की जातिवाद व साम्प्रदायिक राजनीति से निजात दिलाने के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जनपद प्रभारी गौरव भाटी आज यहां अम्बाला रोड पर सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी प्रदीप वर्मा के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले नौ सालों में भाजपा ने देश की जनता को जाति व धर्म के नाम पर लड़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश को धर्मनिरपेक्षता के आधार पर ही आगे बढ़ाया जा सकता है। पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव धर्मनिरपेक्षता की राजनीति कर देश व प्रदेश को विकास के पथ पर अग्रसर करने का काम किया है परंतु वोटों के लालच में भारतीय जनता पार्टी देश व देश की जनता को आपस में लड़ाने का काम कर रही है। उन्होंने भाजपा से निजात दिलाने के लिए स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।
कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप वर्मा ने कहा कि वह महापौर का चुनाव जीतने पर बिना किसी भेदभाव के नगर का सर्वांगीण विकास कराने का काम करेंगे। उद्घाटन कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली, महानगर अध्यक्ष वरूण शर्मा, प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, वरिष्ठ नेत्री श्रीमती उमा भूषण, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष चौ. मेहरबान आलम, पीसीसी सदस्य अशोक सैनी ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान गणेश दत्त शर्मा, हरिओम मिश्रा, मुर्सलीन मद्धा, गुलशेर अलवी समेत भारी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।