कांग्रेस ही देश व प्रदेश का विकास करने में सक्षम

कांग्रेस ही देश व प्रदेश का विकास करने में सक्षम
  • सहारनपुर के सरसावा विकास खंड के गांव अलीपुरा मे संगठन सृजन अभियान कार्यक्रम को संबोधित करते प्रदेश सचिव मोनिन्दर सूद वाल्मीकि व एआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी।

सहारनपुर [24CN] । कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मोनिन्दर सूद वाल्मीकि ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में केवल कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश को बचा सकती है क्योंकि भाजपा जैसे दल केवल नफरत फैलाकर सत्ता में आना जानते हैं परंतु सत्ता में आने व देश को चलाने में फर्क है। प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मोनिन्दर सूद वाल्मीकि आज गंगोह विधानसभा की न्याय पंचायत सिकंदरपुर के गांव बीनपुर एवं न्याय पंचायत लखनौती के गांव शकरपुर में संगठन सर्जन अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनता और कांग्रेस पार्टी के बीच पिछले 32 वर्षों से जो संवाद की कमी खल रही थी उसको महसूस करते हुए उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों को जनता के बीच में संवाद करने के लिए भेजा है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग पार्टी से जुड़कर संगठन मजबूत करें। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने की खातिर फूट डालो राज करो की नीति अपनाती आई है। देश चलाने का जितना अनुभव कांग्रेस पार्टी के पास है, उतना किसी दूसरी पार्टी के पास नहीं है। अनुभव की कमी के कारण ही आज देश गर्त में जाता जा रहा है। देश की जीडीपी गर्त में पहुंच चुकी है और देश का प्रधानमंत्री जीडीपी पर बात करने को तैयार नहीं है। रोजगार का स्तर पिछले 50 सालों में निचले स्तर पर आ चुका है। प्रधानमंत्री रोजगार के बारे में भी बात करने को तैयार नहीं है।

जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली गुर्जर ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार को किसानों की कोई चिंता नहीं है। देश का अन्नदाता किसान अपनी जायज मांगों को लेकर पिछले साठ दिन से भीषण ठंड में खुले आसमान के नीचे सड़कों पर आंदोलन कर रहा है तथा अब तक 70 किसान अपनी शहादत दे चुके हैं और देश के प्रधानमंत्री द्वारा उनके परिवार को सांत्वना तक नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को उद्योगपतियों के सामने किसान दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसान व मजदूरों की लड़ाई मजबूती के साथ लडऩे का काम करेगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एआईसीसी मेंबर जावेद साबरी ने कहा कि भाजपा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व सोनिया गांधी पर आए दिन आरोप लगाती रहती है। अगर वह आरोपी हैं तो उन्हें जेल क्यों नहीं भेजते जो व्यक्ति गलत कार्य करता है, वह सरकार से डरता है जिस तरह से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व बसपा सुप्रीमो मायावती चुप्पी साधकर भाजपा का अंदरूनी रुप से समर्थन कर रहे हैं। जबकि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी भाजपा व केंद्र सरकार का बड़ी मजबूती के साथ सामना कर रही है।

उन्होंने कहा कि अगर जनता की आवाज को सरकार के सामने मजबूती से कोई रख रहा है तो वह केवल कांग्रेस पार्टी ही है। उन्होंने कहा कि जनता की लड़ाई लडऩे का काम कांग्रेस कर रही है। इसलिए जनता को भी सोच समझ कर फैसला लेना चाहिए। कार्यक्रमों को जिला महासचिव मनीष त्यागी, जिला महासचिव दुष्यन्त राणा, जिला सचिव फाजिल हसन, हमजा मसूद, ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार शर्मा आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में रामपाल चौधरी को बीनपुर न्याय पंचायत का अध्यक्ष व सतीश कुमार सैनी को लखनौती न्याय पंचायत का अध्यक्ष को चुना गया। कांग्रेस के संगठन सर्जन अभियान के अंतर्गत कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मोनिन्दर सूद वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष मुजफ्फर अली गुर्जर, वरिष्ठ नेता व एआईआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी ने मुजफ्फराबाद विकास खंड के गांव मुजाहिदपुर व ताजपुरा तथा सरसावा विकास खंड के गांव धलापड़ा मे आयोजित कार्यक्रमों में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की अपील की। साथ ही केन्द्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों जनविरोधी नीतियों से जनता को अवगत कराने का आह्वान किया। कार्यक्रमों को जिला महासचिव मनीष त्यागी, जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी, जिला महासचिव दुष्यन्त राणा व प्रेम सिंह काम्बोज, सचिव ताहिर हसन, मुजफ्फराबाद ब्लाक अध्यक्ष अंकुर सैनी, सरसावा ब्लॉक अध्यक्ष गालिब चौधरी, साढोली कदीम ब्लाक अध्यक्ष चौधरी हाशिम ने भी संबोधित किया। इस दौरान एहकाम अली को सरसावा विकासखंड की अलीपुरा न्याय पंचायत अध्यक्ष व मुकर्रम रंडोल न्याय पंचायत का अध्यक्ष चुना गया।