दूसरी ईद आई पर पालिका ने ईदगाह रोड नहीं कराया ठीक

- लोगों का आरोपः शासन से मिल रहा पैसा, पालिका नहीं करा रही विकास कार्य
देवबंद [24CN]। ईदगाह और दारुल उलूम वक्फ सहित कई स्कूल और कॉलोनियों को जाने वाला मुख्य मार्ग पालिका की अनदेखी के चलते खस्ताहाल है। लेकिन आज तक इसे ठीक नहीं कराया गया। जिसके चलते लोगों में पालिका के प्रति रोष बना हुआ है।
गंगोह बाइपास के बीच से ईदगाह और दारुल उलूम वक्फ पर जाने वाला मार्ग अनदेखी का शिकार है। जर्जर हुए मार्ग पर पूर्व में पालिका ने ईंट रोड़ा डलवाकर मरम्मत कराने का काम किया था। लेकिन अब फिर से उसकी हालत खराब हो गई है। बारिश में तो स्थिति बदतर हो जाती है। यहां पैदल चलना तक दुश्वार हो जाता है। ईदगाह मार्ग पर रहने वाले मो. सलीम, अकरम, सलीम, वसीम आदि का आरोप है कि शासन स्तर से विकास कार्य कराए जाने के लिए पैसा आया हुआ है। लेकिन नगर पालिका उसे खर्च ही नहीं कर रही है। जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बताया कि ईदगाह में रविवार (आज) ईद-उल-अजहा की नमाज होनी है। बारिश होने की स्थिति में यहां की हालत बेहद खराब हो जाएगी। उन्होंने जनहित में उक्त मार्ग को ठीक कराने की मांग की है।
देवबंद में इन जगहों पर होगी बकरीद की नमाज
ईदगाह-7:00 बजे
दारुल उलूम की मस्जिद रशीद-6:00 बजे
मरकजी जामा मस्जिद-7:30 बजे
दारूल उलूम जकरिया स्टेट हाईवे-7:30 बजे
मुगलों वाली मस्जिद रेती चौक-5:50
मस्जिद घासमंडी भायला रोड-6:00 बजे
मस्जिद रहीम बीबी मदरसा असगरिया मोहल्ला किला-6:00 बजे
दगड़े वाली मस्जिद पठानपुरा-6:45 बजे