कमर्शियल सिलेंडर की कीमत पर अखिलेश यादव बोले, ‘जिस अनुपात में दाम बढ़ते हैं, उससे अधिक…’
देश में 1 अप्रैल 2026 से कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ है. इस पर सपा चीफ अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि बीजेपी युद्ध के बहाने लगातार कमर्शियल गैस के दाम बढ़ाती जा रही है क्योंकि जिस अनुपात में दाम बढ़ते हैं, उससे अधिक अनुपात में कालाबाज़ारी बढ़ती है और भाजपाइयों की मुनाफ़ाखोरी भी. उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार पूरी तरह फ़ेल गवर्नमेंट है.
कमर्शियल सिलेंडर की कीमतें ऐसे बढ़ीं
1 फरवरी 2026- 1740.50 रुपये
1 मार्च 2026- 1768.50 रुपये
7 मार्च 2026- 1883.00 रुपये
1 अप्रैल 2026- 2078.50 रुपये
कीमतों मे बढ़ोतरी पर सरकार ने क्या कहा?
इस बीच पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बुधवार को स्पष्ट किया कि देश में केवल कमर्शियल एलपीजी की कीमतें बढ़ाई गई हैं, जबकि घरेलू एलपीजी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपए पर ही बनी हुई- सरकार
बयान में कहा गया कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपए पर ही बनी हुई है, उसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसी तरह पीएमयूवाई योजना के तहत गरीबों के लिए एलपीजी सिलेंडरों की सब्सिडी वाली कीमत भी 613 रुपए पर ही बनी हुई है, उसमें भी कोई बदलाव नहीं किया गया है.
इसमें आगे कहा गया कि मौजूदा कीमतों पर पब्लिक सेक्टर की तेल मार्केटिंग कंपनियों को हर सिलेंडर पर 380 रुपए का नुकसान हो रहा है. मई के आखिर तक, कुल नुकसान लगभग 40,484 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा.
बयान में कहा गया कि पिछले साल भी, 60,000 करोड़ रुपए के कुल नुकसान में से 30,000 करोड़ रुपए तेल पीएसयू ने और 30,000 करोड़ रुपए भारत सरकार ने उठाए थे, ताकि भारतीय नागरिकों को एलपीजी की ऊंची अंतरराष्ट्रीय कीमतों से बचाया जा सके.
