मंडलायुक्त के निर्देश पर की जोहड़ की भूमि की पैमाइश, कब्जाधारियों में मचा रहा हडक़म्प

मंडलायुक्त के निर्देश पर की जोहड़ की भूमि की पैमाइश, कब्जाधारियों में मचा रहा हडक़म्प
  • सहारनपुर में अवैध कब्जे की जांच के दौरान सजरे का मिलान करते राजस्व विभाग व नगर निगम के कर्मचारी।

सहारनपुर [24CN] । जल निगम के सैक्टर पांच में स्थित सडक़ दूधली में जोहड़ की भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में आज मंडलायुक्त ए. वी. राजमौलि के निर्देश पर राजस्व विभाग व नगर निगम की संयुक्त टीम ने जोहड़ की भूमि की पैमाइश की जिस पर भूमि पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों में हडक़म्प मच गया। गौरतलब है कि नगर निगम के सैक्टर पांच के अंतर्गत आने वाले सडक़ दूधली में देहरादून हाइवे के समीप खसरा नम्बर-440क पर 0.8880 हेक्टेयर का जोहड़ राजस्व विभाग के रिकार्ड में दर्ज है। करोड़ों रूपए मूल्य की जोहड़ की भूमि पर कई लोगों द्वारा एक फैक्ट्री स्वामी समेत अवैध कब्जा कर रखा है। अवैध कब्जे की शिकायत मिलने पर मंडलायुक्त ए. वी. राजमौलि ने नगर निगम व राजस्व विभाग को मामले की जांच करने के आदेश जारी किए थे।

इस पर उपजिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया था जिसमें प्रथम दृष्टया एक फैक्ट्री स्वामी, कब्रिस्तान व अन्य लोगों द्वारा अवैध कब्जे का मामला सामने आया था। इस पर उप जिलाधिकारी सदर ने सहायक नगरायुक्त को पत्र भेजकर जोहड़ की भूमि से अतिक्रमण हटवाकर पुन: खुदाई कराकर सौंदर्यकरण करने के निर्देश दिए थे।

इसके अनुपालन में आज सहायक नगरायुक्त अशोक प्रियगौतम के नेतृत्व में नगर निगम के सम्पत्ति विभाग व राजस्व विभाग की टीम ने सडक़ दूधली पहुंचकर जोहड़ की भूमि के साथ-साथ पूरे क्षेत्र की भूमि की पैमाइश की। इस दौरान नायब तहसीलदार जनेश्वर प्रसाद, राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र सैनी, लेखपाल मुकेश कुमार, अजय जैन व नगर निगम के लेखपाल शिवकुमार सैनी, हुयाराम व महेंद्र शर्मा मौजूद रहे। उधर सहायक नगरायुक्त अशोक प्रियगौतम ने बताया कि मंडलायुक्त के आदेश पर जोहड़ पर अवैध कब्जे के मामलों में भूमि की पैमाइश कराई जा रही है। रिपोर्ट आने पर अवैध कब्जे हटवाकर जोहड़ का सौंदर्यकरण कराया जाएगा।