लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु पूर्णिमा पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने लोगों से सभी सावधानियां बरतते हुए गुरु पूर्णिमा का पर्व मनाने की अपील की है। राज्यपाल ने कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु-पूजन का पर्व है। गुरु के दिखाए रास्ते पर चलकर ही ज्ञान प्राप्त किया जा सकता है। आषाढ़ पूर्णिमा पर मनाये जाने वाले इस पर्व का हिन्दू धर्म में विशेष महत्व है।
अपने शुभकामना संदेश में मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि समस्त प्रदेश वासियों को पावन गुरु पूर्णिमा की हार्दिक बधाई। सभ्यताओं का उदय, संस्कृतियों का उत्कर्ष व महान विभूतियों का निर्माण पूज्य गुरुजनों के आशीर्वाद व मार्गदर्शन में ही होता है। अपने तप, त्याग और ज्ञान के आलोक से मानव समाज का उद्धार कर रहे सभी देवतुल्य गुरुजनों को नमन।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में ज्ञान प्राप्ति के लिए गुरु-शिष्य की सुदीर्घ परंपरा है। बिना गुरु के ज्ञान प्राप्त करना सम्भव नहीं है। गुरु के आशीर्वाद से सभी सिद्धियां प्राप्त की जा सकती हैं। हमारी संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। गुरु शिष्य को रचता है, इसलिए वह ब्रह्मा है। गुरु, शिष्य की रक्षा करता है, इसलिए वह विष्णु है। गुरु शिष्य के सभी दोषों का संहार करता है, इसलिए वह साक्षात महेश्वर है। जीवन में गुरु के महत्व से भावी पीढ़ी को परिचित कराने के लिए यह पर्व आदर्श है।
बता दें कि आज सीएम योगी आदित्यनाथ गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर गोरखनाथ मंदिर में बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर अपने शिष्यों को आशीर्वाद भी देंगे।