shobhit University Gangoh
 

09 अगस्त को मण्डल के सभी जनपदों के शहीद स्मारकों पर देश भक्ति पूर्ण  कार्यक्रम आयोजित – मण्डलायुक्त

सहारनपुर [24CN] । मण्डलायुक्त श्री लोकेश एम0 ने मण्डल के सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि 09 अगस्त को अपने-अपने जनपदों के शहीद स्मारकों पर देश भक्ति का कार्यक्रम आयोजित कराएं। उन्होने कहा कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में कोविड नियंत्रण के लिए लगायी गयी निगरानी समितियां निरंतर कार्यरत रहें। जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी व उप जिलाधिकारी द्वारा नियमित रूप से थानों का निरीक्षण किया जाए।

श्री लोकेश एम0 ने आज इस आशय के निर्देश जारी किए। उन्होने कहा कि आईसीसीसी निरन्तर क्रियाशील रहे तथा इसका बहुआयामी प्रयोग किया जाए। उन्होने बाढ सुरक्षा की पूर्ण तैयारियां रखने के भी निर्देश दिए। उन्होने कहा कि गौशालाओं का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं भी जलभराव न हो तथा प्रत्येक गौशाला के लिए एक पशुचिकित्साधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया जाए। राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारी गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करते रहें।

मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि पुलिस की बीट प्रणाली को प्रभावी बनाया जाए। पुलिस पैट्रोलिंग आवश्यकतानुसार स्थल बदल कर की जाए। तहसील व थाना दिवसों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा कर निस्तारण की गुणवत्ता बढायी जाए।उन्होने निर्देश दिए कि अधिकारी अपने कार्यालय में जनसुनवाई नियमित व गम्भीरता से करें।

आई0जी0आर0एस0 पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। वरिष्ठ नागरिक हैल्पलाईन के माध्यम से दवा, एम्बुलेंस व चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध करायी जाए। महिला अपराधों के संबंध में कृत कार्यवाही एवं वादों की समीक्षा कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

Jamia Tibbia