shobhit University Gangoh
 

पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को बताया संगठन का महत्व

पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को बताया संगठन का महत्व
  • सहारनपुर में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान कार्यक्रम में मंचासीन पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN] । जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सृजन अभियान के तहत विभिन्न विकास खण्डों की न्याय पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को संगठन का महत्व समझाते हुए पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आहवान किया। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा मुजफ्फराबाद विकास खण्ड के गांव मुजफ्फराबाद, बलियाखेड़ी ब्लाक के गांव शेरपुर गुर्जर सरसावा ब्लाक के गांव नवादा व अलीपुरा तथा साढौलीकदीम विकास खण्ड के गांव सिकन्दरपुर में संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश सचिव व जिला प्रभारी मोनिन्दर सूद वाल्मीकि ने युवाओं से भारी तादात में कांग्रेस से जुडऩे का आहवान करते हुए कहा कि कांग्रेस की नीतियों पर चलकर ही देश व प्रदेश तरक्की कर सकता है। उन्होंने भाजपा पर फूट डालो राज करो की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार के पास विकास का कोई एजेन्डा नहीं है। इसलिए भाजपा देश व प्रदेश की जनता को जाति व धर्म के नाम पर बांटने का काम कर रही है। उन्होंने भाजपा से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का काम करें ताकि देश व प्रदेश की जनता को भजपा से निजात दिलायी जा सके।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर गुर्जर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार ने तीन कृषि कानून बनाकर किसानों को बर्बादी की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। देश का अन्नदाता किसान पिछले लगभग दो माह से इन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सड़कों पर संघर्ष कर रहा है परन्तु केन्द्र की भाजपा सरकार किसानों की इन समस्याओं को अनदेखा कर रही है, क्योंकि भाजपा को केवल पूंजीपतियों के हितों की चिंता है, उसे देश के किसान मजदूरों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होनें कहा कि कांग्रेस किसी भी सूरत में किसानों का उत्पीडन व शोषण बर्दाश्त नहीं करेगी। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व एआईसीसी मेम्बर जावेद साबरी ने कहा कि भाजपा ने मतों का विभाजन कराने के लिए जिस तरह हैदराबाद के एक नेता को रूपयों से भरा सूटकेस देकर बिहार भेजा था उस नेता को उत्तर प्रदेश के लिए रवाना कर दिया गया है। इसलिए मतदाताओं को सोच समझकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा समझ चुकी है कि देश की जनता का मिजाज भाजपा के खिलाफ है, इसलिए जनता के वोट ताकत को कमजोर करने के लिए असदुद्ीन ओवैशी जैसे नेताओं का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा धर्म निरेक्षपता के सिद्धान्त को अपनाकर देश में रहने वाले सभी धर्म जाति के लोगों के लिए योजनाएं बनाने का काम किया था परन्तु भाजपा की केन्द्र व प्रदेश सरकार जाति व धर्म के नाम पर जनता के साथ भेदभाव कर रही है, जो देश की लोकतांत्रित व्यवस्था के लिए उचित नही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आहवान किया। कार्यक्रमों को जिला महासचिव संगठन मनीष त्यागी, जिला उपाध्यक्ष अशोक सैनी, बलियाखेडी ब्लाक अध्यक्ष गुलफाम मलिक, जिला महासचिव दुष्यंत राणा, सरसावा ब्लाक अध्यक्ष गालिब चौधरी, साढौली कदीम ब्लाक अध्यक्ष हाशिम चौधरी, जिला महासचिव प्रेम काम्बोज ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम में अजय सैनी को मुजफ्फराबाद न्याय पंचायत का अध्यक्ष, मुंतजीर को मुजफ्फराबाद का महासचिव, सरसावा विकास खण्ड में डा.महरूर को अलीपुरा न्याय पंचायत अध्यक्ष व रमेश चंद सैनी को मल्हीपुर न्याय पंचायत अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। इस दौरान भारी संख्या में कांग्र्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद रहे।

Jamia Tibbia