एनआरआई को डाक्टरेट ऑफ साइंस की उपाधि मिलने पर जताई खुशी

एनआरआई को डाक्टरेट ऑफ साइंस की उपाधि मिलने पर जताई खुशी
  • एनआरआई विनोद गुप्ता का फाइल फोटो।

रामपुर मनिहारान [24CN] । एनआरआई विनोद गुप्ता को आईआईटी खडग़पुर द्वारा सम्मानित किए जाने पर रामरति एजुकेशन काम्पलैक्स समेत क्षेत्र में हर्ष की लहर दौड़ गई है। दिल्ली-सहारनपुर मार्ग स्थित रामरति एजुकेशन काम्पलैक्स के संस्थापक व अमेरिका में बसे एनआरआई विनोद गुप्ता को आईआईटी खडग़पुर ने उल्लेखनीय कार्यों के लिए डाक्टरेट ऑफ साइंस की उपाधि से सम्मानित किया है। विनोद गुप्ता को मानद उपाधि मिलने पर उनके द्वारा संचालित शिक्षण संस्थाओं में हर्ष की लहर है। गौरतलब है कि अमेरिका में बसे भारतीय मूल के एनआरआई विनोद गुप्ता महिलाओं की शिक्षा के पक्षधर रहे हैं। इसलिए उनके द्वारा रामपुर मनिहारान कस्बे में रामरति गुप्ता एजुकेश कॉम्पलैक्स की स्थापना की गई है जिनमें हिलेरी क्लिंटन नर्सिंग कालेज, बिल क्लिंटन स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थाएं संचालित हैं। विनोद गुप्ता ने खडग़पुर से आईआईटी करने के बाद अमेरिका में जाकर अपनी कम्पनी संचालित की।

विनोद गुप्ता द्वारा खडग़पुर में भी शिक्षण संस्थान की स्थापना कर वहां के युवाओं को भी शिक्षित करने में अहम भूमिका निभाई जा रही है। विनोद गुप्ता जब भी भारत आते हैं तो वह अपनी शिक्षण संस्थाओं का भ्रमण कर लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही अन्य सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हैं। रामरति गुप्ता एजुकेश काम्पलैक्स की प्रेजीडेंट राजकमल सक्सेना ने बताया कि आईआईटी खडग़पुर ने यह सम्मान अपने उन भूतपूर्व छात्रों को दिया है जिन्होंने सकारात्मक योगदान देकर अपना व अपने संस्थान का नाम रोशन किया है। एनआरआई विनोद गुप्ता को डाक्टरेट ऑफ साइंस की उपाधि मिलने पर विनोद गुप्ता चैरिटेबल फाउंडेशन के चेयरमैन आशुतोष गुप्ता, बी. के. गोस्वामी, डी. के. गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, आर. के. अग्रवाल, बिल क्लिंटन स्कूल के प्रधानाचार्य एस. पी. सिंह, हिलेरी क्लिंटन नर्सिंग कालेज के प्रधानाचार्य सनीश बी. एम., रूपाली गुप्ता, अनीता पसरीचा, सुधा पंवार, नेहा शर्मा, जेसन, अनु एस. व भावना सचदेवा समेत छात्र-छात्राओं ने भी हर्ष व्यक्त किया है।