कर्नाटक में अब अल्पसंख्यक समुदाय के युवक की हत्या, चाकू से किया गया हमला; कई जिलों में धारा 144 लागू

- कर्नाटक पुलिस के अनुसार अल्पसंख्यक समुदाय के युवक की हत्या में कुछ अज्ञात लोगों का हाथ है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दो दिन पहले दक्षिण कन्नड़ में ही भाजपा कार्यकर्ता की कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी।
मंगलुरु। कर्नाटक में भाजपा कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारु (Praveen Nettaru Murder) की हत्या के बाद अब एक अल्पसंख्यक समुदाय के युवक की हत्या का मामला सामने आया है। मंगलुरु के बाहरी इलाके सुरथकल में एक युवक की अज्ञात समूह ने हत्या कर दी है। युवक की हत्या चाकू गोदकर की गई है। मामला दक्षिण कन्नड़ का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कई जिलों में धारा 144 लागू
युवक की हत्या के बाद राज्य के कई जिलों में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके चलते सीआरपीसी की धारा 144 सुरथकल, मुल्की, बाजपे, पनाम्बुर में लगाई गई है। पुलिस आयुक्त के अनुसार युवाओं के एक समूह द्वारा फाजिल नाम के युवक पर चाकू से हमला किया गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने सुरथकल पीएस में FIR दर्ज कर ली है।
अंतिम यात्रा में लोगों का हुजूम
मंगलुरु के पास सुरथकल में अज्ञात समूह द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय के युवक की हत्या के बाद इलाका में तनाव का माहौल है। आज उनकी अंतिम यात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। वहीं आज शुक्रवार होने के चलते जुमे की नमाज है, इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य के कई जिलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
प्रवीण नेट्टारु की भी धारदार हथियारों से की गई थी हत्या
बता दें कि कुछ दिन पहले ही भाजपा युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता प्रवीण नेट्टारू की दक्षिण कन्नड़ के बेल्लारे में बाइक पर अज्ञात लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में कर्नाटक पुलिस ने कुछ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।