धनबाद: धनबाद की पुलिस चाहे कोई भी दावा करे, लेकिन रंगदारी के लिए लगातार फोन पर मिल रही धमकी से परेशान सर्जन डॉक्‍टर समीर कुमार अब बाबा की शरण में हैं। डॉक्‍टर समीर धनबाद छोड़कर अपनों के बीच उत्‍तर प्रदेश चले गए हैं और इसकी जानकारी उन्‍होंने खुद फोन पर अमन सिंह को दी। जेल से अमन सिंह ने इस बार फिर डाॅक्‍टर समीर को फोन किया तो डॉक्‍टर ने भी करारा जवाब दिया।

दोनों में खूब बकझक हुई। लगातार धमकी भरे कॉल आने से परेशान डाॅक्‍टर समीर ने इस बार पलटवार किया। डाॅक्‍टर समीर ने इस बातचीत की जानकारी खुद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) के पदाधिकारियों को दी है। फोन करने वाले शख्स ने जब अपना नाम अमन बताया तो डॉक्‍टर समीर ने अपना पता बताते हुए कहा कि अब मैं अपनों के बीच हूं। यहीं आ जाओ, देख लेंगे।

ऐसे हुई अमन व डाॅक्‍टर समीर में बातचीत

अमन सिंह : हैलो, डाॅक्टर समीर बोल रहे हैं।

डाॅ. समीर : हां, बोल रहा हूं, आप कौन?

अमन सिंह : धनबाद छोड़कर जाने से क्या सोच रहे हैं, आपकी जान बच जाएगी। रंगदारी तो देनी ही पड़ेगी।

डाॅ. समीर : आप कौन बोल रहे हैं?

अमन सिंह : अमन सिंह बोल रहा हूं डाॅक्टर समीर।

डाॅ. समीर : हां बोलिए।

अमन सिंह : शहर छोड़कर जाने से क्या होगा, कहीं भी जान चली जाएगी। कोई बचाने वाला नहीं होगा।

डाॅ. समीर : धनबाद में था तो आप लोगों ने खूब धमकी दी। अब मैं अपनी जगह पर आ गया हूं। अपने लोगों के बीच हूं। लो मैं अपने घर का पता भी तुम्हें बता रहा हूं। (अपने घर का पता बताते हैं।) अब तुम खुद आ जाओ या किसी को भी भेज दो। अब देख लेंगे।

अमन सिंह: अच्छा ठीक है, सब पता चल जाएगा।

यूपी का ही है अमन सिंह भी: मालूम हो कि धनबाद की जेल में बंद शूटर अमन सिंह भी उत्‍तर प्रदेश का ही रहने वाला है। मूल रूप से उसका परिवार मिर्जापुर में रहता है। नीरज सिंह हत्‍याकांड में उसकी भूमिका सामने आने के बाद धनबाद पुलिस उसे उत्‍तर प्रदेश से गिरफ्तार कर धनबाद लेकर आई थी। मिर्जापुर जेल में बंद रिंकु से अमन सिंह मिलने आया था, जहां उत्‍तर प्रदेश की एसटीएफ ने उसे धर दबोचा था।

इधर, डॉक्‍टर समीर के उत्‍तर प्रदेश चले जाने की खबर पर यह चर्चा तेज हो गई है‍ कि झारखंड में हेमंत सरकार सुरक्षा नहीं दे पा रही है तो अब लोग योगी सरकार में खुद को महफूज महसूस कर रहे हैं। हाल के दिनों में योगी सरकार ने अपराधियों के खिलाफ जिस तरह की कार्रवाई की है, उससे लोगों का यूपी सरकार पर भरोसा बढ़ा है।