देवबंद कोर्ट में हुई कुख्यात नीरज बवाना की पेशी
- भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एडीजे कोर्ट में हुई पेशी, वापस दिल्ली तिहाड़ जेल भेजा गया
- बवाना की पेशी के चलते छावनी में तब्दील रहा कोर्ट परिसर
- अधिवक्ता भी चैंबरों से नहीं निकले बाहर
देवबंद। प्रसिद्ध चिकित्सक से रंगदारी मांगने और गोली मारने के आरोप में कुख्यात अपराधी नीरज सहरावत उर्फ नीरज बवाना की बुधवार को एडीजे कोर्ट में पेशी हुई। दिल्ली की तिहाड़ जेल से नीरज बवाना को भारी सुरक्षा के बीच देवबंद लाया गया।
कुख्यात की पेशी के चलते कोर्ट परिसर छावनी में तब्दील रहा। अधिवक्ताओं को भी चैंबरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी गई थी। अपराध की दुनिया में दिल्ली का दाऊद कहलाने वाले नीरज बवाना की बुधवार को देवबंद एडीजे कोर्ट में पेशी हुई। काले कपड़ों में नीरज बवाना कड़ी सुरक्षा के बीच जैसे ही कोर्ट परिसर में पहुंचा तो सन्नाटा छा गया।
वर्ष 2017 में नीरज बवाना ने नगर के एक प्रमुख चिकित्सक से रंगदारी मांगी थी तथा न देने पर गोली भी मारी थी। हालांकि चिकित्सक इस हमले में बाल बाल बच गया था। इसी मामले में बवाना को दिल्ली की तिहाड़ जेल से कड़ी सुरक्षा के बीच एडीजे कोर्ट में पेश किया गया। मामले को देख रहे अधिवक्ता अमित कुमार पुंडीर ने बताया की चिकित्सक से रंगदारी मांगने पर फायरिंग करने के बाद में एडीजे कोर्ट में पेश किया गया। जिसे बाद में पुलिस वापस तिहाड़ जेल ले गई।
