नोएडा बना रणक्षेत्र, आज पीएम मोदी, सीएम योगी ने चलाए शब्द बाण, कल अखिलेश भी संभालेंगे कमान
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के चुनाव के लिए सियासी दलों की रणभेरी बजनी शुरु हो गई है. इसकी शुरुआत भारतीय जनता पार्टी ने कर दी है. इसके बाद 29 मार्च को समाजवादी पार्टी, पश्चिमी यूपी में अपनी रैली करेगी. इस रैली में खुद सपा चीफ और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आएंगे.
अखिलेश यादव की भी रैली नोएडा में ही होगी. नोएडा स्थित दादरी से सपा अपना चुनाव अभियान शुरू करेगी. यूं तो 28 मार्च को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, सरकारी कार्यक्रम था लेकिन इसके मंच से सियासी बातें भी कहीं गईं जिनके अपने निहितार्थ हैं.
सीएम योगी ने सपा, बसपा, कांग्रेस पर क्या कहा?
प्रदेश के मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से अब तक की अपनी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का तो जिक्र किया ही लेकिन वह वर्ष 2002 से 2017 तक के सपा और बहुजन समाज पार्टी की सरकारों पर निशाना साधने से नहीं चूके. इस दौरान उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया.
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसे दलों ने अपनी अक्षमता के चलते देश और प्रदेश, दोनों को ही विकास के एक अवरोध में फंसा दिया. वर्ष 2002 से 2017 तक, उत्तर प्रदेश निरंतर इस अपमान को झेलता रहा और ऐसी ही जड़ता का शिकार बना रहा.
हालांकि इस दौरान सीएम ने अपनी सरकार के 9 सालों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री का आभार जताया और कहा ‘पिछले 12 वर्षों में देश में और पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में हमारी ‘डबल-इंजन सरकार’ के तहत हुए तीव्र विकास के कारण, हम उन बाधाओं को तोड़ते हुए दुनिया के सामने एक नई पहचान प्रस्तुत कर रहे हैं.’
प्रधानमंत्री ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर साधा निशाना
न सिर्फ सीएम बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पूर्व की सरकारों पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण, अपने हाल पर छोड़ दिया गया था, कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे. मुझे याद है यहां की सपा सरकार थी.
पीएम ने कहा कि मैंने नोए़डा आने का कार्यक्रम बनाया तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वह नहीं आए. मुझे भी डराने की कोशिश हुई कि अभी अभी प्रधानमंत्री बने हो लेकिन मैंने कहा कि मैं इस धरती का आशीर्वाद लेने जा रहा हूं. आज यही इलाका पूरी दुनिया का स्वागत करने को तैयार है.
नोएडा में ही कल अखिलेश यादव की रैली
अब कल नोएडा में अखिलेश की रैली है. जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन से पहले ही सपा चीफ ने तंज कसते हुए कहा था कि देखते हैं हमारी फ्लाइट, वहां उतरने देते हैं कि नहीं. अखिलेश का इशारा, एयरपोर्ट को सामान्य फ्लाइट्स के लिए खोलने की समयावधि पर था.
जानकारों की मानें तो आगामी चुनाव में बीजेपी की रणनीति होगी कि वह सपा, बसपा के सरकारों पर आरोप लगाते हुए अपने कार्यकाल को उनसे कई गुणा बेहतर बताते हुए जनता को अपने साथ लाए. वहीं सपा की कोशिश होगी कि वह हालिया मुद्दों को उठाते हुए राज्य सरकार की नीतियों, कानून व्यवस्था और सरकार के दावों को गलत बताते हुए पीडीए फॉर्मूले पर काम करेगी.
अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के जुबानी हमलों का जवाब, कल नोएडा में ही मिल सकता है जब आज चले शब्दबाणों का जवाब देने के लिए अखिलेश यादव कमान संभालेंगे.
