शवों की अंत्येष्टि में लकडिय़ों व अन्य व्यवस्थाओं में न रहे कमी

शवों की अंत्येष्टि में लकडिय़ों व अन्य व्यवस्थाओं में न रहे कमी
  • सिटी मजिस्ट्रेट और सहायक नगरायुक्त ने लिया शमशानों की व्यवस्था जायजा, नगर निगम ने सभी शमशानों में एक-एक कर्मचारी भी नियुक्त किया

सहारनपुर [24CN] । सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश सोनी और सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने सोमवार को महानगर के चारों प्रमुख शमशानों का निरीक्षण कर वहां शवों की अंत्येष्टि के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया और शमशानों के प्रबंधकों से सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। नगर निगम द्वारा सोमवार को भी सभी शमशानों को सैनेटाइज कराया गया।

कोरोना संक्रमण से मृतकों की बढ़ती संख्या के कारण महानगर के शमशानों में शवों की अंत्येष्टि को लेकर लोगों को कोई दिक्कत न आए इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश सोनी व सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने सोमवार को शिवपुरी, हकीकत नगर, नुमाइश कैंप व बाबालाल दास बाड़ा शमशान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने शमशानों के प्रबंधकों को निर्देश दिए कि शवों के अंतिम संस्कार में लकडिय़ों व अन्य व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं आनी चाहिए। गत दिनों एक शमशान पर अंत्येष्टि के लिए लकडिय़ों की व्यवस्थाओं को लेकर एक शिकायत जिला प्रशासन और नगर निगम को मिली थी। उसी को ध्यान में रखते हुए दोनों अधिकारियों ने आज शमशानों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने सभी शमशान के प्रबंधकों को जानकारी दी कि नगर निगम द्वारा चारों शमशानों में सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक सफाई व सैनेटाइजेशन आदि में सहयोग के लिए एक एक कर्मचारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा नगर निगम सीमा क्षेत्र के शमशान घाटों में कोविड-19 से संक्रमित मृत व्यक्तियों के शवों की अंत्येष्टि ठीक से ससम्मान हो सके इसके लिए नगर निगम ने समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चि कराने के लिए कर निर्धारण अधिकारी दिनेश यादव को नोडल अधिकारी (9412203325) नियुक्त किया है। इनके अलावा कर अधीक्षक विनय शर्मा (8477008026) व अवर अभियंता निर्माण हरिओम (8477008029 व 9149123866) को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

अंत्येष्टि में किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर संबद्ध व्यक्ति उक्त नोडल अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। सहायक नगरायुक्त ने बताया कि नगर निगम सफाई, कूड़ा उठान व सैनेटाइजेशन को लेकर काफी गंभीरता से काम कर रहा है। सोमवार को भी सभी शमशानों को सैनेटाइज कराया गया है। इसके अतिरिक्त रोस्टर के मुताबिक आज भी सात वार्ड सुबह और सात वार्ड शाम को सैनेटाइज किये गए है।