‘भारत में कोई मुस्लिम औरंगजेब का वंशज नहीं’, फडणवीस बोले-मुगल बादशाह को राष्ट्रवादी मुसलमान नहीं देते तरजीह

‘भारत में कोई मुस्लिम औरंगजेब का वंशज नहीं’, फडणवीस बोले-मुगल बादशाह को राष्ट्रवादी मुसलमान नहीं देते तरजीह

अकोला। महाराष्ट्र में औरंगजेब को लेकर बहस छिड़ गई है। कई पार्टी और उनके नेता इस मुद्दे पर आमने-सामने हैं। इसी बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का बड़ा बयान सामने आया है। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि भारत में कोई भी मुस्लिम औरंगजेब का वंशज नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रवादी मुसलमान मुगल बादशाह को अपना नेता नहीं मानते।

प्रकाश आंबेडकर पर फडणवीस का निशाना

डिप्टी सीएम ने औरंगाबाद जिले में औरंगजेब के मकबरे पर जाने के लिए वंचित बहुजन आघाड़ी (वीबीए) के प्रमुख प्रकाश आंबेडकर पर भी निशाना साधा और शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से सवाल किया कि क्या उन्हें उनका कदम मंजूर है। इसी साल की शुरुआत में, ठाकरे और आंबेडकर के दलों ने गठबंधन किया था।

पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर अकोला में जनसभा को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा

अकोला, संभाजीनगर और कोल्हापुर में जो हुआ वह संयोग नहीं, बल्कि प्रयोग था। राज्य में औरंगजेब के इतने हमदर्द कैसे आ गए?

भारत में कोई मुस्लिम औरंगजेब का वंशज नहींः फडणवीस

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा

औरंगजेब हमारा नेता कैसे हो सकता है? हमारा राजा केवल एक है और वह छत्रपति शिवाजी महाराज हैं। भारत के मुसलमान, औरंगजेब के वंशज नहीं हैं। मुझे बताएं कि औरंगजेब के वंशज कौन हैं? औरंगजेब और उसके पूर्वज कहां से आए थे? औरंगजेब और उसके पूर्वज बाहर से आए थे।

मुगल बादशाह को राष्ट्रवादी मुसलमान नहीं देते तरजीहः फडणवीस

उन्होंने कहा कि इस देश का वह मुसलमान जिसके पास राष्ट्रीय विचार हैं, वह औरंगजेब को कभी स्वीकार नहीं करता। वह केवल छत्रपति शिवाजी महाराज का सम्मान करते हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा

इस देश में राष्ट्रवादी मुसलमान औरंगजेब का समर्थन नहीं करते हैं और वे केवल छत्रपति शिवाजी महाराज को अपना नेता मानते हैं।’’

बता दें कि औरंगजेब के मकबरे पर जाने को लेकर प्रकाश आंबेडकर पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने उनसे पूछा कि ऐसा करने की क्या जरूरत थी।