दूसरे दिन किसी भी प्रत्याशी ने नहीं किया नामांकन, महापौर पद के दो प्रत्याशियों ने खरीदे नामांकन पत्र
सहारनपुर। जनपद में निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन भी महापौर/ अध्यक्ष तथा पार्षद/सभासद पदों के लिए किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। आज सहारनपुर नगर निगम महापौर पद के लिए दो व नगर पालिका/नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के लिए 19 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्रों की खरीददारी की।
गौरतलब है कि विगत 11 अप्रैल को जिलाधिकारी/ जिला निर्वाचन अधिकारी अखिलेश सिंह द्वारा जिलास्तर पर अधिसूचना जारी करने के साथ स्थानीय निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई थी। विगत दिवस देवबंद नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए दो व सभासद पदों के लिए 24 व्यक्तियों द्वारा नामांकन पत्रों की खरीददारी की गई थी। आज दूसरे दिन सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के लिए समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष चौ. अब्दुल गफूर की पत्नी फातिमा एवं खान आलमपुरा निवासी अब्दुल वाहिद द्वारा नामांकन पत्रों की खरीददारी की गई। इसके अलावा नगर निगम के 70 वार्डों के लिए 70 प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र खरीदे गए।
जबकि देवबंद नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए एक, सभासद पद के लिए 43, नकुड़ पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए 7, सभासद पद के लिए 27, सरसावा नगर पालिका परिषद के सभासद पदों के लिए 3, गंगोह नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 1 नामांकन पत्र खरीदा गया। इसी कड़ी में अम्बेहटा नगर पंचायत सभासद पद के लिए 5, तीतरो नगर पंचायत में सभासद पद के लिए 2 नामांकन पत्र खरीदे गए।
जबकि दूसरे दिन भी सुलतानपुर चिलकाना नगर पंचायत में अध्यक्ष व सभासद पदों के लिए किसी भी उम्मीदवार द्वारा अपना नामांकन पत्र नहीं खरीदा गया। इसके अलावा बेहट नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 2, सभासद पद के लिए 12 व छुटमलपुर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 7, सभासद पद के लिए 19, रामपुर मनिहारान नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए 1, सभासद पद के लिए 16 नामांकन पत्रों की खरीददारी की गई। जबकि नानौता नगर पंचायत में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए किसी भी उम्मीदवार द्वारा नामांकन पत्र नहीं खरीदा गया।
