सभी सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी निषाद पार्टी: जयपाल

- सहारनपुर में पत्रकारों को जानकारी निषाद पार्टी के पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल के प्रतिनिधिमंडल का जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह कश्यप के नेतृत्व में दिल्ली से वापस पहुंचने पर कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। निषाद पार्टी के जिला कार्यालय पर आयोजित अपने स्वागत कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह कश्यप ने कहा कि निषाद पार्टी डा. संजय निषाद के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूती के साथ चुनाव लडऩे का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि कश्यप समाज का अनुसूचित जाति का आरक्षण का मामला अधर में लटका हुआ है। उन्होंने कहा कि हमें 1961 से अनुसूचित जाति का आरक्षण मझुआर, तुरहा नाम से मिला हुआ है जिसमें राष्ट्रपति द्वारा मोहर लगाकर अनुमति दी हुई है। इसके बावजूद केंद्र व प्रदेश में जिस पार्टी की भी सरकार बनी है उसी ने हमें धोखा देने का काम किया है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कश्यप समाज के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा ने भी हमें धोशा दिया है जिससे हमारे समाज के किसी भी व्यक्ति का अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र नहीं बना। जबकि बहुजन समाज पार्टी ने भी कश्यप समाज के एससी के प्रमाण पत्र बनने पर स्टे ले लिया था। इस कारण बसपा ने भी कश्यप समाज को धोखा दिया है।
जयपाल कश्यप ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार ने भी 2014 व 2019 के चुनाव में कश्यप समाज को अनुसूचित जाति में शामिल कराने का वायदा किया था। यदि भारतीय जनता पार्टी ने भी कश्यप समाज के साथ धोखा किया तो उसे आगामी विधानसभा चुनाव में इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।