निर्भयपाल शर्मा ने किया था समाज को नई दिशा देने का काम: महाना

निर्भयपाल शर्मा ने किया था समाज को नई दिशा देने का काम: महाना
  • सहारनपुर में जनमंच सभागार में पूर्व विधायक निर्भयपाल शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित करते विस अध्यक्ष सतीश महाना।

सहारनपुर [24CN]। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि व्यक्ति कितना जिया वह परिवार के लिए महत्वपूर्ण है परंतु कैसे जिया वह जनता के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय विधायक निर्भय पाल शर्मा ने समाज को नई दिशा देने का काम किया है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना आज यहां जनमंच सभागार में सरसावा विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे निर्भयपाल शर्मा के 75वें जन्म जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक निर्भय पाल शर्मा समाज सेवा का व्यक्तित्व थे। आजकल के जनप्रतिनिध सड़क व नाली बनवाकर भी उनका खूब प्रचार-प्रसार करते हैं। जबकि पूर्व विधायक निर्भयपाल शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में अनेक पुल, अस्पताल व औद्योगिक क्षेत्र विकसित कराने का काम किया।

उन्होंने कहा कि आज के समाज में व्यक्ति अपने लिए काम करता है। जबकि निर्भयपाल शर्मा समाज के लिए काम करते थे। उन्होंने देश की राजनीति की शोभा बढ़ाते हुए परिवर्तन लाने का काम किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में बाध्यता हो सकती है परंतु वह इससे ऊपर उठकर विधानसभा की गरिमा बनाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायक व सांसद चुने जाने के बाद वह पूरे क्षेत्र की जनता का प्रतिनिधि होता है। इसलिए हमें संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करना होगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उदाहरण देते हुए कहा कि उनसे सबको ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। इसलिए सभी को अपना लक्ष्य निर्धारित कर काम करने की जरूरत है। उ.प्र. के संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी, लोनिवि राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने भी स्वर्गीय विधायक निर्भयपाल शर्मा के कार्यशैली व व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

इससे पूर्व सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार जताया तथा उनके छोटे भाई राहुल लखनपाल शर्मा ने स्व. विधायक निर्भयपाल शर्मा द्वारा अपने कार्यकाल में तत्कालीन सरसावा विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यां की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य दीपांकर महाराज व संचालन पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने किया।

इस दौरान सांसद प्रदीप चौधरी, भाजपा प्रदेश मंत्री चंद्रमोहन, जिला पंचायत चेयरमैन मांगेराम चौधरी, विधायक देवेंद्र निम, विधायक राजीव गुम्बर, विधायक मुकेश चौधरी, विधायक चौ. कीरत सिंह, पूर्व विधायक लाजकृष्ण गांधी, महावीर राणा, नरेश सैनी, शशिबाला पुंडीर, महीपाल सिंह माजरा, जगपाल सिंह, डा. मामचंद लाम्बा, सुरेंद्र कपिल, वीरेंद्र ठाकुर, समाजसेवी महेंद्र तनेजा, महापौर संजीव वालिया, स्व. विधायक निर्भयपाल शर्मा की मांग कुंतीपाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, डीसीडीएफ के सभापति कृष्ण कुमा पुंडीर, वरिष्ठ भाजपा नेता चौ. सबदर अली, पार्षद सुधीर पंवार, मुनेश त्यागी, के. एल. अरोड़ा, शीतल विश्नोई, प्रमोद कौशिक, पं. मुकेश कपिल आदि सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।