निगम ने शुरु किया युद्ध स्तर पर सैनेटाइजेशन अभियान

- सहारनपुर में कंटेनमैंट जोन में बल्लियां लगाते निगम कर्मचारी।
सहारनपुर [24CN]। कोराना की तीसरी लहर से निपटने के लिए नगर निगम ने युद्ध स्तर पर सैनेटाइजेशन अभियान शुरु किया है। उधर कंटेनमेंट जोन पर निगरानी बढ़ाते हुए सभी कंटेनमेंट जोन में बल्लियां व पीडि़तों के घरों पर पोस्टर लगाये जा रहे है। लोगों के प्रति जागरुक करने के लिए शहर के कुछ सघन इलाकों में शहर काजी नदीम अख्तर द्वारा वैक्सीनेशन कराते हुए बड़ी संख्या में बैनर हिन्दी और उर्दू में लगाये गए है। कोरोना मरीजों की अप्रत्याशित वृद्धि को देखते हुए नगर निगम ने कोरोना की तीसरी लहर को मात देने के लिए युद्ध स्तर पर सैनेटाइजेशन अभियान शुरु किया है।
बुधवार को नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर गैराज से सैनेटाइजेशन के लिए सात विशेष वाहन नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. कुनाल जैन व सफाई निरीक्षक अमित तोमर द्वारा रवाना किये गए। इन वाहनों के जरिये आज कलक्ट्रेेट, दीवानी कचहरी, रोडवेज, रेलवे स्टेशन परिसर, पंत विहार स्थित मोटर दुर्घटना अभिकरण न्यायालय तथा अन्य सरकारी कार्यालयों को सैनेटाइज किया गया।
सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने बताया कि वार्डो में सैनेटाइजेशन के लिए 150 हैंड मशीनों के साथ कर्मचारियों को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना के खात्मे तक ये अभियान जारी रहेगा। तोमर ने बताया कि महानगर के 128 कंटेनमेंट जोन में बल्लियां लगाकर उन पर निगरानी की जा रही है। साथ ही इन सब जोन को भी सैनेटाइज किया गया है।