सपा एससी/एसटी सभा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष का किया जोरदार स्वागत

सपा एससी/एसटी सभा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष का किया जोरदार स्वागत
  • सहारनपुर में एससी/एसटी सभा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष का स्वागत करते कार्यकर्ता।

सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी अनुसूचित जाति-जनजाति सभा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राहुल भारती का आज सहारनपुर पहुंचने पर सपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। एससी/एसटी सभा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राहुल भारती ने दावा किया कि जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों पर सपा अपना परचम लहराएगी तथा अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी।

गौरतलब है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने प्रमुख दलित नेता राहुल भारती की मजबूत पकड़ के चलते उन्हें सपा अनुसूचित जाति-जनजाति सभा का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। सपा एससी/एसटी सभा का प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद आज पहलीबार सहारनपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय पर राहुल भारती का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष राहुल भारती ने कहा कि सपा सुपीमो अखिलेश यादव व प्रदेशाध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने जिस विश्वास व उम्मीद के साथ उन्हें एससी/एसटी सभा के प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा एससी/एसटी सभा को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के चलते आज प्रदेश के सभी वर्ग के लोग त्रस्त हैं क्योंकि भाजपा शासन में दलितों व मुस्लिमों को लक्ष्य बनाकर उनका उत्पीडऩ करने का काम किया गया है जिसके चलते विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को जिताने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जीत का सिलसिला बेहट से शुरू होकर पूर्वांचल तक जारी रहेगा तथा सहारनपुर सभी सातों विधानसभा सीटों को जीतने का काम किया जाएगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह 14 फरवरी को होने वाले मतदान तक दिन रात मेहनत कर सपा प्रत्याशियों को जिताने का काम करें ताकि उत्तर प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री सरफराज खान, लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, इसरार चौधरी, प्रदेश सचिव मांगेराम कश्यप, राष्ट्रीय सचिव कर्मसिंह, अनीस कुरैशी, शाहनवाज कुरैशी, आशीष प्रधान, अंकित धवन, टिंकू अरोड़ा, वाजिद अली, अमन बिरला, जहीर तुर्की, नानौता के पूर्व चेयरमैन अफजाल खान, सपा छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव राजीव भारती, रमन भारती, डा. कुंवर, मनोज बिरला, हसीन कुरैशी, वेदपाल पटनी समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।