गुरुग्राम की महिलाओं को न्यू ईयर गिफ्ट, सभी थानों में होगी महिला हेल्प डेस्क की सुविधा

गुरुग्राम । दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके ऊपर काम शुरू कर दिया गया है। 15 जनवरी तक हर साल में सभी थानों में सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। सुविधा उपलब्ध होने के बाद महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए थाना परिसर में बैठने को मजबूर नहीं होंगी। पिछले कई सालों से महिला सुरक्षा के ऊपर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में जिले में तीन महिला थाना स्थापित किए जा चुके हैं। दुर्गा शक्ति रैपिड एक्शन टीम का भी गठन है। अब सभी थानों में महिलाओं के लिए अलग से हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध कराने के ऊपर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत सभी थानों में एक कमरा महिला हेल्प डेस्क के नाम होगा। शिकायत लेकर पहुंचने वाली महिलाएं सीधे उसी कमरे में पहुंचेंगी। पहुंचते ही उनकी शिकायत दर्ज करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इससे उन्हें थाने में अधिक देर तक बैठना नहीं पड़ेगा। यही नहीं महिलाओं से संबंधित विवादों को लेकर सुलझाने के लिए काउंसिलिंग के ऊपर भी जोर दिया जाएगा। जो मामले समझाने से सुलझ जाएंगे, उन मामलों को हर हाल में सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।
जागरूकता अभियान पर भी दिया जाएगा जोर
नए साल के दौरान गुरुग्राम पुलिस महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान पर जोर देगी। इसके लिए स्कूलों एवं कालेजों के विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया जाएगा। यही नहीं आरडब्ल्यूए से लेकर सभी सामाजिक संगठनों से संवाद स्थापित किया जाएगा ताकि वे भी महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा के ऊपर ध्यान दें। सभी थाना पुलिस संगठनों के साथ संवाद स्थापित करेगी। स्कूलों एवं कालेजों में गुरुग्राम पुलिस की दुर्गा शक्ति की टीमें पहुंचेंगी। शहर के उन इलाकों में पुलिस की सक्रियता और अधिक बढ़ाई जाएगी जिन इलाकों में महिलाएं अधिक संख्या में पहुंचती हैं। खासकर काेचिंग इंस्टीट्यूट जिन इलाकों में हैं, उन इलाकों में दुर्गा शक्ति टीमों की सक्रियता और अधिक बढ़ाई जाएगी। बता दें कि शहर में एमजी रोड एवं ओल्ड डीएलएफ इलाके में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के कई मामले सामने आ चुके हैं।
हर हाल में 15 जनवरी तक सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क की सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। इससे महिलाओं को काफी सुविधा होगी। इसके अलावा भी महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई स्तर पर प्रयास शुरू किए जाएंगे।