विकास से दुनिया में उत्तर प्रदेश की नई छवि उभरी: महापौर

विकास से दुनिया में उत्तर प्रदेश की नई छवि उभरी: महापौर
  • सहारनपुर में काशीराम कॉलोनी निवासियों को सम्बोधित करते जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह।

सहारनपुर। महानगर में विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत आज दिल्ली रोड स्थित काशीराम कॉलोनी से की गयी। महापौर डॉ. अजय कुमार, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा व भाजपा महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी ने आई सी वैन से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लाइव भाषण सुनकर शुरुआत की। जिलाधिकारी डॉ.दिनेश चंद्र ने भी क्षेत्र के लोगों को सम्बोधित किया।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने काशीराम कॉलोनी में विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत करते हुए लोगों से आह्वान किया कि वे केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जहां पीएम स्वनिधि योजना से लाखों लोग अपना रोजगार विकसित कर आर्थिक व सामाजिक रुप से समृद्ध हुए हैं वहीं प्रदेश सरकार की योजनाओं से उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में पहले नंबर पर आ गया है और देश ही नहीं पूरी दुनिया में उत्तर प्रदेश की एक नई छवि उभरी है। पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित हो रहा है। पीएम आवास योजना में देश के करोड़ों लोगों को अपना घर मिला है और अब हस्तशिल्पियों के लिए पीएम विश्वकर्मा योजना शुरु की गयी है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से देश के करोड़ों लोगों का जीवन स्तर सुधरा है।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने लोगों से सरकार की योजनाओं विशेषकर आयुष्मान कार्ड योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डूडा अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सरकार की योजनाओं से लोगों को अवगत करायें और पात्र लोगों को प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ दिलाए। भाजपा महानगर अध्यक्ष पुनीत त्यागी ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य जन-जन तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना और उनके लाभ के प्रति लोगों को जागरुक करना है।

उन्होंने बताया कि आई सी वैन, वीडियो विजुअल, पम्फलेट आदि के माध्यम से जन सुविधाओं व सरकारी योजनाओं का लाभ सबसे कमजोर लोगों तक पहुंचाने के लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से अभियान शुरु किया गया है, जो 26 जनवरी 2024 तक चलेगा। कार्यक्रम में सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, पीओ डूडा वेद प्रकाश, मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल, पार्षद सुधीर पंवार के अलावा क्षेत्र के चरणसिंह, विपुल पंवार, पंकज कुमार, विजय शर्मा, कांता शर्मा व पूनम आदि मौजूद रहे।


विडियों समाचार