नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से अवगत कराने की जरूरत

सहारनपुर [24CN]। हिंदू जागरण मंच के प्रांत सम्पर्क प्रमुख ठा. सूर्यकांत सिंह ने कहा कि अमृत महोत्सव का उद्देश्य नई पीढ़ी को सातवीं शताब्दी से देश की एकता, अखंडता एवं सम्प्रभुता पर आए संकटों व उनके खिलाफ किए गए संघर्षों के कारण शहीद हुए बलिदानियों से परिचित कराना है।

ठा. सूर्यकांत सिंह आज यहां फतेहपुर भादो स्थित शहीद स्मारक इंटर कालेज में आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान के सेनापति धीरसिंह पुंडीर सहारनपुर जनपद की मिट्टी में ही जन्मे थे जिन्होंने तराइन के युद्ध में पहली बार आक्रांता मोहम्मद गौरी को पकड़कर पेश किया था। सहारनपुर की धरती ऐसे वीर योद्धा की जन्मभूमि है। उन्होंने कहा कि अमृत महोत्सव में ऐसे वीरों का स्मरण करना चाहिए।

ठा. सूर्यकांत सिंह ने कहा कि प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सेठ लालता प्रसाद, मुखिया उमराव सिंह मानकपुर व अन्य बलिदानियों का भी स्मरण करना चाहिए क्योंकि अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन में उन्होंने जेलों व पुलिस की बर्बरतापूर्ण याजनाएं सही। उन्होंने बाबू छज्जूसिंह पुंडीर, पं. लक्ष्मीचंद, अजीत प्रसाद जैन, ठा. फूलसिंह जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए नई पीढ़ी से उनके बलिदान को नमन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमें गलत इतिहास पढ़ाया जा रहा है। हमें सही इतिहास जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभाजन एक अभिशाप है और देश के अखंड होने के लिए निरंतर प्रयास करते रहना ही आजादी के अमृत महोत्सव की उपलब्धि है।

कार्यक्रम को हिंदू जागरण मंच युवा वाहिनी के जिलाध्यक्ष शिवम जोगी, गौरव चौधरी, वसीम ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान सुभाष, ओमकार गौतम, नरेंद्र, दीपक, शेखर, सूरज, रोहित, प्रवीण, शिवम, अर्जुन, राजा, मोनू, अंकित, रमन, भजन, मुकेश, राजपाल आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य पी. मिश्रा व संचालन आरएसएस के विस्तारक नेमपाल ने किया।