जल बचाने के लिए सामूहिक रूप से लोगों को जागरूक करने की जरूरत: बलोदी
![जल बचाने के लिए सामूहिक रूप से लोगों को जागरूक करने की जरूरत: बलोदी](https://24city.news/wp-content/uploads/2023/03/22spur7.gif)
- सहारनपुर में संगोष्ठी को सम्बोधित करते रेंज अधिकारी एम. के. बलोदी।
छुटमलपुर। वन क्षेत्राधिकारी मोहंड एम. के. बलोदी ने कहा कि जल एक सीमित संसाधन है। हमें समझना होगा कि हम यह सुनिश्चित करें कि आवश्यकता से अधिक जल की बर्बादी न होने दें। वन क्षेत्राधिकारी मोहंड श्री बलोदी आज मोहंड रेंज स्थित कार्यालय परिसर में विश्व जल दिवस पर आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस संगोष्ठी के माध्यम से हम जल के महत्व, इसक आवश्यकता तथा जल के लगातार प्रदूषित होने से शुद्ध जल व पीने योग्य पानी पर गहराते संकट की ओर जनसामान्य का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह निर्विवाद सत्य है कि सभी जीवित प्राणियों की उत्पत्ति जल से हुई है। वैज्ञानिक अब पृथ्वी के अलावा अन्य ग्रहों पर पहले पानी की खोज को प्राथमिकता देते हैं। पानी के बिना जीवन जीवित ही नहीं रहेगा। इसलिए अधिकांश संस्कृतियां नदियों और पानी के किनारे विकसित हुई हैं।
उन्होंने बताया कि ब्राजील के रियो डि जेनेरियो शहर में 1922 में सबसे पहले संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन आयोजित कर विश्व जल दिवस मनाने की पहल की गई थी। तभी से हर वर्ष 22 मार्च को जल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बिना पानी के जीवन की कल्पना असंभव है। मनुष्य अपने स्वास्थ्य, खाद्य, सुरक्षा, ऊर्जा उत्पादन और कृषि जैसी चीजों में पानी की आवश्यकता समझता है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में बढ़ती जनसंख्या और घट रही पानी की उपलब्धता सभी के लिए चिंता का विषय है। इसके लिए सामूहिक रूप से लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। इस दौरान ग्राम प्रधान गणेशपुर चरणसिंह राठौर, संग्राम सिंह राठौर, वेदपाल सिंह, वन दरोगा गोविंद सिंह, नितिन कुमार, मोहन सिंह, श्रवण कुमार, वन रक्षक अशोक कुमार, महावीर सिंह, कमल सिंह तोमर सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।