shobhit University Gangoh
 

महिलाओं को अधिकार दिलाने में समाज के सहयोग की आवश्यकता: गैरोला

महिलाओं को अधिकार दिलाने में समाज के सहयोग की आवश्यकता: गैरोला
  • सहारनपुर में दिशा की संगोष्ठी में सामाजिक कार्यकर्ता गीता गैरोला को सम्मानित करते आयोजक।

सहारनपुर [24CN]। दिशा सामाजिक संगठन के तत्वावधान में महिला अधिकारों के लिए पैरवी विषय पर आयोजित संगोष्ठी में महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में उल्लेखनीय योगदान करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कस्बा सुलतानपुर चिलकाना स्थित दिशा सामाजिक संगठन की कार्यशाला में आयोजित संगोष्ठी का आयोजन तसलीम व शाहिन द्वारा अगर देश में बेटियां नाशाद हैं तो दिल पर हाथ रखकर यह कहिए, क्या बेटी आजाद है, गीत प्रस्तुत किया।

तत्पश्चात संगठन के संस्थापक केशवानंद तिवारी ने संगठन के उद्देश्य व महिला अधिकारों के प्रति किए गए आंदोलनों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन के संघर्ष की बदौलत ही आज महिलाओं में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता आई है। लेकिन अभी तक उसमें पूरी तरह सफलता हासिल नहीं हो सकी है। इसलिए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। इसमें समाज के सहयोग की भी आवश्यकता है।

देहरादून से पधारी सामाजिक कार्यकर्ता गीता गैरोला ने कहा कि सामाजिक संगठन दिशा ने महिला हिंसा के मुद्दे पर सर्वाधिक काम किया है। उन्होंने कहा कि देश में अनेक नागरिक अपने अधिकारों से वंचित हैं जिसमें महिलाओं की संख्या सर्वाधिक है। उन्होंने कहा कि अभी तक महिलाओं को जमीन में कानूनी अधिकार नहीं मिल पाया है जिसके लिए अनेक कानून बने हुए हैं परंतु उनका महिलाओं तक लाभ नहीं पहुंच पा रहा है और न ही उनका सही तरीके से क्रियान्वयन हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल कानून ही सामाजिक सुरक्षा नहीं दे सकता। पूरा मामला मानसिक है। जब तक मानसिक रूप से सुरक्षा नहीं मिलेगी, तब तक सुधार नहीं हो सकता। देहरादून से आई सामाजिक कार्यकर्ता उमा भट्ट ने बताया कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना ही साक्षरता नहीं है, माता-पिता को उनमें नेतृत्व जैसे गुण विकसित करने चाहिए।

संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार डा. शाहिद जुबैरी ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने के लिए मीडिया की अहम् भूमिका है जिसका निर्वहन पत्रकारों को सही ढंग से करना चाहिए। संगोष्ठी को श्रीमती जहानवी तिवारी, रिहाना अदीम, सुरेशो, तसमीम व पी. राम ने भी सम्बोधित किया। संगोष्ठी में संगठन के संस्थापक केशवानंद तिवारी व सामाजिक कार्यकर्ता गीता गैरोला ने वरिष्ठ पत्रकार डा. शाहिद जुबैरी, सुधीर सोहल, चौ. धीरज सिंह, इंतजार बेग, राकेश ठाकुर, धर्मेंद्र अनमोल, स. प्रमेंद्र सिंह, सोमपाल कश्यप, सुशील मोगा आदि पत्रकारों को सम्मानित किया।

Jamia Tibbia