shobhit University Gangoh
 

नवाज शरीफ की हालत गंभीर, बेटे ने कहा- पिता को दिया जा रहा जहर

नवाज शरीफ की हालत गंभीर, बेटे ने कहा- पिता को दिया जा रहा जहर

भ्रष्टाचार के एक मामले में सात साल की सजा काट रहे पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की हालत गंभीर है। इस बीच नवाज के बेटे हुसैन नवाज ने आरोप लगाया है कि उनके पिता को जेल में जहर दिया जा रहा है। नवाज भ्रष्टाचार के मामलों में लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद हैं।

डॉन न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, हुसैन ने आरोप लगाया कि उनके पिता नवाज के शरीर से प्लेटलेट्स में कमी होने का कारण जहर देना भी हो सकता है। लंदन में रह रहे हुसैन ने पिता के खिलाफ साजिश का आरोप लगाया। हुसैन ने ट्वीट किया, ‘जहर के लक्षण हैं।’

अगर मेरे पिता को कुछ होता है, तो आप जानते हो इसके लिए जिम्मेदार कौन है? पीएमएल (एन) अध्यक्ष और नवाज के छोटे भाई शाहबाज शरीफ ने मंगलवार को नवाज से मुलाकात करने के बाद ट्वीट किया था, ‘मैंने आज अपने भाई से मुलाकात की। मुझे उनकी तेजी से बिगड़ती हालत की बहुत चिंता हो रही है। सरकार को उदासीनता छोड़ उनके स्वास्थ्य को देखना चाहिए। मैं पूरे देश से मियां साहिब के लिए दुआ करने की अपील करता हूं।’

बताते चलें कि मंगलवार को मेडिकल रिपोर्ट में नवाज के शरीर से प्लेटलेट्स काउंट 16,000 से गिरकर 2,000 की नाजुक स्थिति तक चला गया था। सोमवार रात जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो मेडिकल बोर्ड के सदस्यों को उन्हें बचाने के लिए तत्काल उनके शरीर में प्लेटलेट्स चढ़ानी पड़ी। कोट लखपत जेल से अस्पताल भेजे जाने के बाद से डॉक्टरों की एक टीम नवाज की सेहत पर नजर रख रही है।

Jamia Tibbia