उत्तर प्रदेश पुलिस ने रोका नवजोत सिंह सिद्धू का काफिला, हंगामा

उत्तर प्रदेश पुलिस ने रोका नवजोत सिंह सिद्धू का काफिला, हंगामा
  • सहारनपुर में शाहजहांपुर में नवजोत सिंह सिद्धू के काफिले को रोकती उत्तर प्रदेश पुलिस।

सहारनपुर [24CN]। पंजाब कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व विधायक नवजोत सिंह सिद्धू के काफिले को लखीमपुर खीरी जाते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने शाहजहांपुर चेकपोस्ट पर रोक लिया। इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू की पुलिस अधिकारियों के साथ जमकर नोकझोंक भी हुई।

मिली जानकारी के अनुसार पंजाब कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष व वर्तमान विधायक नवजोत सिंह सिद्धू आज अपने काफिले के साथ उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई चार किसानों की मौत के मामले में परिजनों को सांत्वना देने के लिए लखीमपुर खीरी जा रहे थे। स. नवजोत सिंह सिद्धू के काफिले के सहारनपुर से होकर गुजरने की सूचना मिलते ही जनपद के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने थाना सरसावा की शाहजहांपुर चेकपोस्ट पर बैरियर लगा दिया। जैसे ही स. नवजोत सिंह सिद्धू का काफिला शाहजहांपुर चेकपोस्ट पर पहुंचा तो उनके काफिले की गाडिय़ों ने बैरियर को तोड़ दिया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने स. नवजोत सिंह सिद्धू को सहारनपुर जनपद में धारा-144 लागू होने का हवाला देते हुए उन्हें वापस जाने के लिए कहा तो नवजोत सिंह सिद्धू की मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जमकर नोकझोंक हुई।

इसी बीच सूचना मिलने पर मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक राजीव सब्बरवाल, मंडलायुक्त लोकेश एम., डीआईजी, जिलाधिकारी अखिलेश सिंह, एसएसपी डा. एस. चन्नपा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा. अर्चना द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल शर्मा, सीओ नकुड़ अरविंद पुंडीर मौके पर पहुंचे तथा नवजोत सिंह सिद्धू को वापस जाने को कहा परंतु नवजोत सिंह सिद्धू अपनी जिद पर अड़े रहे।

इस दौरान सूचना मिलने पर जनपद के कांग्रेसी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी नवजोत सिंह सिद्धू को केवल पांच लोगों के साथ जाने इजाजत देने की बात कह रहे थे परंतु सिद्धू पूरे काफिले के साथ जाने की जिद पर कायम रहे। समाचार लिखे जाने तक मौके पर हंगामा जारी था।